Noida: यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे की वजह से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने के मद्देनज़र रात में ट्रैक्टर-ट्रॉली के संचालन पर रोक लगा दी गई है। शाम 6 बजे के बाद किसी भी टोल प्लाजा से ट्रैक्टर-ट्रॉली को आगे बढ़ने नहीं दिया जाएगा। एक्सप्रेसवे प्रबंधन ने वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए टोल और एंट्री प्वाइंट पर माइक के जरिए धीमी गति में वाहन चलाने की अपील की है। साथ ही ट्रकों और अन्य भारी वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर टेप लगाने की व्यवस्था की जा रही है।
लाइट्स की कमी से बढ़ा हादसों का खतरा
एक अधिकारी ने जानकारी दी कि ग्रेटर नोएडा से आगरा तक 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा के अलावा कहीं भी लाइट नहीं है। ऐसे में कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। दुर्घटना सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 18001027777 जारी किया गया है।
सुरक्षा के लिए बढ़ाई गई पेट्रोलिंग और एंबुलेंस
कोहरे के दौरान एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के लिए गाड़ियों की संख्या 11 से 15 कर दी गई है। इसके अलावा, आपात स्थिति के लिए तैनात एंबुलेंस की संख्या छह और क्रेन की संख्या आठ से बढ़ाकर 11 कर दी गई है।
ये भी पढें..
प्रबंधन द्वारा जारी निर्देश
यमुना एक्सप्रेसवे के प्रबंधक जेके शर्मा ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है कि शाम ढलने के बाद एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहीं चलने दिया जाएगा। इन्हें संबंधित टोल प्लाजा पर ही रोक दिया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे पर कोहरे के चलते बढ़ते हादसों को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाए गए हैं ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे धीमी गति से वाहन चलाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

