Delhi-NCR: दिल्ली-एनसीआर में यात्रियों के सफर को और अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने सोमवार को अपने एकीकृत क्यूआर-टिकटिंग सिस्टम को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया। इस डिजिटल पहल का उद्देश्य क्षेत्रीय और शहरी परिवहन को एकीकृत कर निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करना है।
एकीकृत टिकटिंग प्रणाली की शुरुआत
एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल और डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने मोबाइल ऐप पर नमो भारत और दिल्ली मेट्रो की टिकट बुक कर इस प्रणाली की औपचारिक शुरुआत की। यह प्रणाली यात्रियों को डिजिटल माध्यम से क्यूआर कोड टिकटिंग की सुविधा प्रदान करेगी, जिससे अब यात्री ‘आरआरटीएस कनेक्ट’ ऐप के जरिए दिल्ली मेट्रो का क्यूआर टिकट और ‘डीएमआरसी मोमेंटम 2.0’ ऐप के जरिए नमो भारत का टिकट बुक कर सकते हैं।
शलभ गोयल ने बताया कि इस पहल से न केवल यात्रियों की यात्रा सरल होगी, बल्कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
वन इंडिया, वन टिकट पहल को मिलेगा बढ़ावा
यह पहल ‘वन इंडिया, वन टिकट’ के लक्ष्य को मजबूत करती है, जिसका उद्देश्य यात्रियों के लिए इंटर-मॉडल यात्रा को सुविधाजनक बनाना है। इस एकीकरण के तहत, नमो भारत और दिल्ली मेट्रो के यात्रा विकल्पों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ा गया है। इससे लाखों यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
आईआरसीटीसी से भी बुकिंग संभव
एनसीआरटीसी ने भारतीय रेलवे के साथ भी समझौता किया है। यात्री अब आईआरसीटीसी प्लेटफॉर्म पर भारतीय रेलवे के ट्रेन टिकट के साथ नमो भारत के टिकट भी बुक कर सकते हैं। यह सुविधा न केवल यात्रियों का समय बचाएगी, बल्कि टिकटिंग प्रक्रिया को और सरल बनाएगी।
परिवहन का आधुनिक अनुभव
आरआरटीएस और डीएमआरसी नेटवर्क का यह एकीकरण न केवल समय बचाएगा, बल्कि पर्यावरण-अनुकूल यात्रा को भी प्रोत्साहित करेगा। 42 किलोमीटर का आरआरटीएस कॉरिडोर अब डीएमआरसी के 393 किलोमीटर लंबे नेटवर्क से जुड़ चुका है, जिससे यात्रियों को निर्बाध यात्रा का अनुभव मिलेगा।
सड़कों से भीड़भाड़ कम होगी
इस प्रणाली से सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे सड़कों पर भीड़भाड़ कम होगी। इसके साथ ही, यह ‘पीएम गति शक्ति मास्टर प्लान’ के तहत देश में विभिन्न परिवहन साधनों के बीच बुनियादी ढांचे के एकीकरण के उद्देश्य को भी पूरा करता है।
ये भी पढें..
यात्रियों के लिए फायदे
- क्यूआर कोड टिकटिंग के जरिए समय की बचत।
- टिकट काउंटर पर लंबी लाइनों से छुटकारा।
- डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा।
- अधिक स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा का विकल्प।
यह पहल दिल्ली-एनसीआर में परिवहन के क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ती है। यह आधुनिक प्रणाली यात्रियों को बेहतर, तेज़ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।

