Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र में गौ रक्षा हिंदू दल की मदद से पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित गोमांस बरामद किया है। पुलिस ने जब्त गोमांस को मौके पर ही जेसीबी की मदद से नष्ट कर दिया। पुलिस के मुताबिक जब्त मांस की कीमत करीब 4 करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि, इस पर गौ रक्षा हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेद नागर ने सवाल खड़े किए हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का बयान
वेद नागर ने कहा कि पुलिस की मिलीभगत के बिना वेयरहाउस का संचालन संभव नहीं है। उन्होंने जब्त गोमांस की कीमत पर भी सवाल उठाए। नागर का दावा है कि 32 टन गोमांस की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 करोड़ रुपये है, न कि 4 करोड़।
क्या है मामला?
9 नवंबर को दादरी कोतवाली क्षेत्र के लुहारली टोल पर पुलिस ने एक ट्रक (एचआर 38 एई 9185) को रोककर उसमें रखे मांस का सैंपल जांच के लिए भेजा था। रिपोर्ट में मांस के गोमांस होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को सीज कर दिया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने ट्रक से बरामद 32 टन गोमांस के साथ ही बिसाहड़ा रोड स्थित एसपीजे कोल्ड स्टोरेज के चैंबर नंबर-5 में छापा मारकर 153 टन प्रतिबंधित मांस बरामद किया। पुलिस के मुताबिक जब्त कुल 185 टन गोमांस की अनुमानित कीमत 4 करोड़ रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी
इस मामले में पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मालिक पूरन जोशी, डायरेक्टर खुर्शीदुन नबी, मैनेजर अक्षय सक्सेना, ट्रक चालक शिव शंकर और ऑपरेटर सचिन को गिरफ्तार किया है। इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष को जान का खतरा
वेद नागर ने बताया कि बरामद गोमांस दिल्ली-एनसीआर समेत देश के अन्य राज्यों में फाइव स्टार होटलों में सप्लाई किया जाता था। नागर ने आरोप लगाया कि कोल्ड स्टोरेज के मालिक पूरन जोशी का एक बड़ा नेटवर्क है, जो बेहद प्रभावशाली है। उन्होंने दावा किया कि अब उनकी जान को खतरा है और पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
ये भी पढें..ये भी पढें..
बुलडोजर की मांग
गौ रक्षा हिंदू दल ने मांग की है कि आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए और कोल्ड स्टोरेज को बुलडोजर के जरिए ध्वस्त किया जाए। वेद नागर ने कहा कि उनकी टीम गौ रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी।

