Manipur Violence: मणिपुर में फिर से हिंसा भड़कने के बाद हालात गंभीर हो गए हैं। स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। डीजी सीआरपीएफ अनीश दयाल को मणिपुर भेजा गया है, जहां वह कानून व्यवस्था का जायजा लेंगे। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र में अपनी सभी रैलियां रद्द कर दी हैं और नागपुर से दिल्ली लौट आए हैं।
तनावग्रस्त इलाकों में फिर लगा कर्फ्यू, इंटरनेट सेवा सस्पेंड
मौजूदा हालात को देखते हुए मणिपुर में सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस द्वारा नई रणनीति बनाई जा रही है। कुछ इलाकों में, जहां कर्फ्यू में ढील दी गई थी, वहां दोबारा कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके साथ ही, कई स्थानों पर इंटरनेट सेवाएं भी सस्पेंड कर दी गई हैं। बिश्नुपुर, इंफाल, और जीरिबाम जैसे इलाकों में तनाव ज्यादा है, जिसके चलते यहां भी कर्फ्यू लागू किया गया है।
हिंसा भड़कने की वजह
हिंसा की ताजा घटना जिरीबाम में एक परिवार की तीन महिलाओं और तीन बच्चों के शव मिलने के बाद शुरू हुई। इन लोगों को मंगलवार को अगवा कर लिया गया था। आरोप है कि कुकी उग्रवादियों ने इनका अपहरण कर नृशंस हत्या की। शनिवार को असम-मणिपुर सीमा पर इन शवों के बरामद होने के बाद मैतेई समुदाय के लोग नाराज होकर सड़कों पर उतर आए और हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए।
शनिवार (16 नवंबर 2024) को प्रदर्शनकारियों ने राज्य के तीन मंत्रियों और छह विधायकों के घरों का घेराव कर तोड़फोड़ की। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने मुख्यमंत्री के आवास पर भी हमला करने की कोशिश की।
मैतेई समुदाय ने दिया अल्टीमेटम
मैतेई समुदाय की ओर से सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। मणिपुर इंटीग्रिटी पर समन्वय समिति (COCOMI) के प्रवक्ता खुरैजम अथौबा ने कहा, “सभी प्रतिनिधियों और विधायकों को मिलकर इस संकट का समाधान जल्द से जल्द करना चाहिए। यदि ऐसा नहीं होता है, तो उन्हें लोगों के असंतोष का सामना करना पड़ेगा।”
COCOMI ने भारत सरकार और मणिपुर सरकार से सभी सशस्त्र उग्रवादी समूहों के खिलाफ निर्णायक सैन्य कार्रवाई करने की मांग की है। तनावपूर्ण माहौल के बीच प्रशासन ने शांति बहाल करने के लिए व्यापक कदम उठाने का भरोसा दिया है।
ये भी पढें..
स्थिति पर कड़ी नजर
मणिपुर में बिगड़ते हालात को देखते हुए केंद्र सरकार ने हालात पर कड़ी नजर रखने और तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गृह मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियां मणिपुर के हालात पर लगातार अपडेट ले रही हैं।

