Ghaziabad: गाजियाबाद के जीटी रोड पर शनिवार देर शाम साहिबाबाद थाना क्षेत्र में एक गंभीर घटना घटी, जब आईटीएस कॉलेज, मोहन नगर के सामने थार सवार दबंगों ने दो युवतियों की स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवतियों ने जब विरोध जताया, तो थार में सवार युवकों ने गाड़ी बैक कर गाली-गलौज और धमकियां देनी शुरू कर दीं।
ट्रक के चलते ब्रेक लगाई, थार ने मारी टक्कर
घटना के समय स्कूटी सवार युवतियां मोहन नगर चौराहे की ओर जा रही थीं। वीडियो में युवतियों ने बताया कि ट्रक सामने आने पर उन्होंने स्कूटी के ब्रेक लगाए, तभी तेज रफ्तार में आ रही थार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवतियों के विरोध करने पर थार चालक ने गाड़ी बैक की और उन्हें धमकाते हुए गाली-गलौज की।
थार पर नहीं थी नंबर प्लेट, “गुर्जर” लिखा था
घटना में शामिल ग्रे रंग की थार पर नंबर प्लेट नहीं थी, लेकिन पीछे “गुर्जर” लिखा हुआ था। बताया जा रहा है कि थार में तीन युवक सवार थे। जब राहगीरों ने घटना के बाद रुककर युवतियों का साथ दिया और पुलिस को कॉल किया, तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
मौके से मिली अमेज कार की नंबर प्लेट
घटना के बाद युवतियों को एक नंबर प्लेट मिली, जिसे जांच के दौरान अमेज कार का पाया गया। यह नंबर प्लेट कैसे गिरी, इसका पता नहीं चल सका। वहीं, एक राहगीर ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में युवतियों ने बताई घटना की आपबीती
वीडियो में दिखाया गया है कि स्कूटी सवार युवतियां घटना के बाद काफी डरी हुई थीं। उन्होंने बताया कि थार गाड़ी तेज रफ्तार में थी और टक्कर के बाद उनके साथ बदसलूकी की गई।
ये भी पढें..
समाज में डर का माहौल
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे दबंग समाज में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हैं और आम नागरिकों में भय का माहौल बनाते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन आरोपियों के फरार होने के कारण अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

