Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां यूपी बोर्ड की 12वीं कक्षा में जिला टॉपर रही प्रिया (18) ने बीएससी मैथ्स में अपेक्षित अंक न आने के कारण तनाव में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना दादरी के ठाकुरान मोहल्ले की है, जहां प्रिया अपने परिवार के साथ रहती थी।
परिवार में छाया मातम
प्रिया के पिता प्रदीप कुमार दादरी तहसील में बैनामा लेखक के पास काम करते हैं। परिवार ने बताया कि प्रिया बचपन से पढ़ाई में काफी होशियार थी। उसने वर्ष 2022-23 में यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में 92.40% अंक प्राप्त कर वैदिक कन्या इंटर कॉलेज में टॉप किया था। परिजनों का कहना है कि बीएससी मैथ्स में उम्मीद से कम अंक आने के कारण प्रिया पिछले कुछ दिनों से तनाव में थी।
सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच जारी
घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने इस मामले में किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने से मना कर दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद प्रिया के परिवार में मातम का माहौल है। पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रिया हमेशा से पढ़ाई में अव्वल रही थी और उसका इस तरह आत्महत्या करना सभी के लिए हैरान करने वाला है।
ये भी पढें..
Noida: मंगरौली गांव में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
शिक्षा जगत में तनाव का बढ़ता प्रभाव
यह घटना एक बार फिर छात्रों में बढ़ते मानसिक तनाव की ओर ध्यान आकर्षित करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि छात्रों पर ज्यादा उम्मीदों और पढ़ाई के दबाव से उन्हें मानसिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। समाज को इस दिशा में कदम उठाने और छात्रों की मानसिक स्थिति को समझने की आवश्यकता है।

