Noida: नोएडा सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-117 स्थित सोरखा गांव में गुरुवार दोपहर एक मीट की दुकान पर विवाद के बाद ग्राहक ने दूसरे ग्राहक की चाकू से हत्या कर दी। इस घटना में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गुरुवार देर रात आरोपी को सेक्टर-117 के जंगल के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तंमचा और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
सेक्टर-113 थाना पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश में कई पुलिस टीमें जुटी हुई थीं। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-117 के जंगल की ओर जा रहा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की घेराबंदी की। अपने आप को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की गोली से वह घायल हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अमरजीत महतो (शिकारपुर खरेरी, थाना सोनपुर, जिला छपरा, बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सोरखा गांव निवासी शहजाद की हत्या
पुलिस के अनुसार, मृतक शहजाद मेरठ के समर गार्डन में रहता था और पिछले कुछ सालों से अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ सोरखा गांव में किराए पर रह रहा था। शहजाद कार ड्राइवर था और गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे वह बीकानेर स्वीट्स के सामने मीट की दुकान पर पहुंचा। वहां मौजूद एक बंगाली ग्राहक से पहले सामान खरीदने को लेकर उसका विवाद हो गया। बंगाली ग्राहक ने दुकान से चाकू लेकर शहजाद के पेट में वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी कुछ देर तक घटनास्थल पर चाकू लेकर घूमता रहा और बाद में मीट लेकर चला गया।
ये भी पढें..
Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट ट्रायल स्थगित, DGCA की अनुमति का इंतजार
घायल शहजाद की मदद मांगते रहे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद शहजाद पेट पकड़कर करीब 40 मीटर दूर एक चौराहे पर पहुंचा और लोगों से मदद की गुहार लगाने लगा। इस दौरान आरोपी ने उसका पीछा किया और चौराहे पर दोबारा उस पर चाकू से हमला कर दिया। लोग वीडियो बनाते रहे लेकिन किसी ने शहजाद की मदद नहीं की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना पर पहुंची सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

