Ghaziabad: गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में गुरुवार की सुबह एक स्कूल बस में अचानक आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। यह बस दिल्ली के प्रीत विहार स्थित मदर्स ग्लोबल स्कूल की थी, जिसमें 16 बच्चे सवार थे। घटना के दौरान सभी बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे कौशांबी में श्री श्री रेजीडेंसी के सामने, कौशांबी थाने के पास हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के अनुसार, आग की सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन से तुरंत दो फायर टेंडर घटनास्थल पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पानी का उपयोग कर आग पर काबू पा लिया।
बस में अचानक लगी आग
बताया गया कि मदर्स ग्लोबल स्कूल की यह बस (UP16-CT-9688) कौशांबी से बच्चों को लेकर प्रीत विहार की ओर जा रही थी। श्री श्री रेजीडेंसी के सामने अचानक बस में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। बच्चों और बस के स्टाफ की सूझबूझ से सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया और कोई हताहत नहीं हुआ।
ये भी पढें..
कारणों की जांच जारी
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि बस में आग कैसे लगी, इसके कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारी यह भी देखेंगे कि क्या बस फिटनेस के मापदंडों पर खरी उतरती थी। यदि किसी भी तरह की लापरवाही पाई गई, तो बस संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

