UP News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में यूपी लोकसेवा आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को हटाने के आरोपों के बीच प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यूपी सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य में आयोजित सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पारदर्शी और निष्पक्ष हों। उन्होंने आश्वासन दिया कि मानकीकरण की समस्या का समाधान किया जाएगा ताकि हर योग्य उम्मीदवार को उसका हक मिल सके। मौर्य ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “दुर्भाग्यपूर्ण है कि सपा प्रमुख अपने कार्यकाल के काले कारनामे भूलकर राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों की भावनाओं का राजनीतिकरण कर रहे हैं। समझदार प्रतियोगी छात्र इनकी चालों को अच्छी तरह समझते हैं।”
उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। हमारी प्राथमिकता है कि सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पारदर्शी और निष्पक्ष हों, मानकीकरण की समस्या का भी समाधान हो, जिससे हर योग्य उम्मीदवार को उसका हक मिले।
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) November 14, 2024
दुर्भाग्यपूर्ण है कि सपा प्रमुख श्री…
मौर्य ने अखिलेश यादव पर हमला करते हुए लिखा, “सूप बोले तो बोले, चलनी भी बोले जिसमें बहत्तर छेद हैं।” उन्होंने दावा किया कि सपा का “समाप्तवादी पार्टी” बनना तय है और भाजपा की सरकार छात्रों की समस्याओं को हल करने के लिए संवाद के माध्यम से हरसंभव प्रयास कर रही है।
‘भाजपा युवाओं के साथ खड़ी है’: केशव प्रसाद मौर्य
मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार हर युवा की आकांक्षाओं को पूरा करने के प्रति दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि सक्षम अधिकारी छात्रों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके मुद्दों का समाधान करेंगे, क्योंकि प्रदेश का भविष्य युवाओं के हाथ में है, और भाजपा उनकी हर आकांक्षा के साथ मजबूती से खड़ी है।
ये भी पढें..
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में कार खरीदने के नाम पर युवक से ठगी, दादरी पुलिस जांच में जुटी
अखिलेश यादव का पलटवार
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया था। उन्होंने लिखा था कि प्रयागराज के जुझारू आंदोलनकारी युवक-युवतियों के सामने भाजपा सरकार की हार निश्चित है और ये सिर्फ यूपी लोक सेवा आयोग के अधिकारियों की गलती का दिखावा कर रही है। अखिलेश ने सरकार पर ‘नौकरी विरोधी’ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रतिभाशाली अभ्यर्थी इस खेल के पीछे का असली चेहरा समझ सकते हैं। अखिलेश ने भाजपा पर भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य को नष्ट करने का आरोप लगाते हुए कहा, “अच्छा हो कि भाजपा नाटक करना छोड़ दे और युवाओं के भविष्य को अपने भ्रष्टाचार से दूर रखे।”

