Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में कार खरीदने के नाम पर एक युवक से ठगी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, सेक्टर म्यू-2 निवासी राम निवास नामक व्यक्ति ने ओएलएक्स पर एक कार का विज्ञापन देखकर संपर्क किया था, जिसमें सोनू नामक व्यक्ति ने कार बेचने का दावा किया था। दोनों के बीच 4 लाख 20 हजार रुपये में कार का सौदा तय हुआ।
पीड़ित राम निवास ने बताया कि आरोपी सोनू ने खुद को महेन्द्रगढ़, हरियाणा का निवासी बताया था। उसने राम निवास को विश्वास में लेकर तीन बार में दो लाख बीस हजार रुपये एडवांस के रूप में ले लिए। जब राम निवास ने कार की डिलीवरी के बारे में पूछा, तो सोनू बहाने बनाने लगा और बाद में अपना मोबाइल भी बंद कर लिया।
पुलिस में शिकायत दर्ज
पैसे देने के बावजूद जब आरोपी ने कार देने में असमर्थता दिखाई और संपर्क तोड़ दिया, तो राम निवास ने दादरी थाना पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत मामला संज्ञान में लेते हुए आरोपी सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।
ये भी पढें..
पुलिस ने कहा, होगी कानूनी कार्रवाई
दादरी पुलिस का कहना है कि आरोपी सोनू के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि आरोपी के पकड़े जाने तक इस मामले की जांच में तेजी जारी रहेगी।

