Noida: नोएडा के सेक्टर-63 स्थित इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मेट्रो ट्रैक पर एक पाइप जैसी संदिग्ध वस्तु नजर आई। मेट्रो चालक ने सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन को तुरंत रोक दिया, जिसके कारण लगभग 15 मिनट तक मेट्रो का संचालन बाधित रहा। इस घटना का असर नोएडा से दिल्ली के बीच ब्लू लाइन पर चल रही मेट्रो सेवाओं पर भी पड़ा, जिससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ा।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे की है। जानकारी के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के पास ट्रैक पर एक पाइप जैसी संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। मेट्रो चालक ने इस वस्तु को देखते ही सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचित किया, जिसके बाद जांच दल मौके पर पहुंचा और वस्तु की बारीकी से जांच की गई। राहत की बात यह रही कि इसमें कोई खतरनाक वस्तु नहीं पाई गई। जांच पूरी होने के बाद मेट्रो को फिर से स्टेशन पर लाकर यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया।
ये भी पढें..
मेट्रो सेवा 15-20 मिनट तक रही प्रभावित
इस पूरी जांच प्रक्रिया में करीब 15-20 मिनट का समय लगा, जिसके कारण ब्लू लाइन पर अन्य मेट्रो ट्रेनों की गति धीमी करनी पड़ी। घटना के कारण मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई, विशेषकर सेक्टर-38ए स्थित बॉटनिकल गार्डन स्टेशन पर, जहां ब्लू और मजेंटा लाइन का इंटरचेंज होता है। मेट्रो संचालन बाधित होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।ृ

