Noida News: अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को दो सेक्टरों में कार्रवाई की। इस दौरान सेक्टर 11 और 55 से कई अतिक्रमण हटाए गए। यह कार्रवाई नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-1 ने आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) के पदाधिकारियों की शिकायत के बाद की।
सेक्टर 55 से अतिक्रमण हटाया गया
सेक्टर 55 में प्लॉट नंबर 217 पर लंबे समय से अतिक्रमण था। प्राधिकरण में दर्ज कराई गई शिकायत में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सतनारायण गोयल ने बताया कि यह प्लॉट काफी समय से खाली पड़ा था, जिस पर कई झोपड़ियां बनी हुई थीं। नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम विजय कुमार रावल के निर्देश के बाद सोमवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान सबसे पहले झोपड़ियों को खाली कराया गया और फिर जेसीबी मशीन की मदद से जमीन को साफ किया गया।
सेक्टर 11 में मार्केट से अतिक्रमण हटाया गया
सेक्टर 11 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने नोएडा प्राधिकरण में शिकायत दर्ज कराई कि सेक्टर में मार्केट और शौचालयों के आसपास काफी अतिक्रमण है। इस पर कार्रवाई करते हुए वर्क सर्किल 1 के वरिष्ठ प्रबंधक डोरी लाल वर्मा और प्रबंधक बाजय यादव ने सेक्टर 11 में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। इसके अलावा सेक्टर के एल-ब्लॉक मार्केट और एच-ब्लॉक मार्केट में शौचालयों के आसपास से भी अतिक्रमण हटाया गया।
आरडब्ल्यूए ने जताया आभार
दोनों सेक्टरों के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सतनारायण गोयल और अनुज गुप्ता ने अन्य पदाधिकारियों के साथ प्राधिकरण द्वारा की गई कार्रवाई के लिए आभार जताया। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने कहा कि आरडब्ल्यूए शिकायत तो कर सकता है, लेकिन कार्रवाई करना प्राधिकरण की जिम्मेदारी है। उन्होंने दोनों सेक्टरों में अतिक्रमण पर त्वरित कार्रवाई के लिए सराहना की और सहयोग के लिए अधिकारियों को धन्यवाद दिया।

