Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के थाना दनकौर पुलिस ने हाल ही में जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और कुख्यात गैंगस्टर नरेश भाटी के बेटे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गैंगस्टर नरेश भाटी और कुख्यात अपराधी सुंदर भाटी के बीच पुरानी दुश्मनी का इतिहास रहा है। पुलिस के अनुसार, नरेश भाटी के बेटे पर फरीदाबाद के एक प्रॉपर्टी डीलर से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। उसने पीड़ित की थार गाड़ी में तोड़फोड़ भी की और फिर अपने साथियों के साथ वहां से फरार हो गया।
सूत्रों के अनुसार, हरियाणा के फरीदाबाद के निवासी यूनुस, जो पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं, तीन नवंबर को अपने एक मित्र के साथ थार गाड़ी में मझावली के रास्ते यमुना नदी के पुल से होते हुए गौतमबुद्ध नगर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम अटटा गुजरान थाना दनकौर के पुस्ता रोड पर पहुंचे, अचानक एक थार गाड़ी उनके सामने रुक गई। थार से तीन युवक उतरे और यूनुस की गाड़ी पर हमला कर दिया। आरोपियों ने न केवल मारपीट की बल्कि पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी और इसके बाद फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित यूनुस ने घटना की शिकायत पुलिस से की, जिसके आधार पर थाना दनकौर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। 10 नवम्बर को पुलिस ने गैंगस्टर नरेश भाटी के बेटे भारत भाटी, अमित कुमार, और दुष्यंत बैसला को ग्राम रिठोडी थाना दादरी से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी, एक पिस्टल, दो तमंचे और कुछ कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
जमीनी विवाद की आशंका
मामले से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आरोपी और पीड़ित पहले से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने पीड़ित को धमकाया और उसके साथ मारपीट की। सूत्रों का मानना है कि गैंगस्टर नरेश भाटी का बेटा भारत भाटी पिता की अपराध की राह पर चलने का प्रयास कर रहा है।
ये भी पढें..
Noida: नोएडा सेक्टर-37 के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत
गैंगस्टर नरेश और सुंदर भाटी की दुश्मनी
दिल्ली, हरियाणा और यूपी पुलिस के लिए सिरदर्द बने गैंगस्टर सुंदर भाटी और नरेश भाटी की दोस्ती एक समय में बेहद मजबूत थी। दोनों एक-दूसरे के लिए अपनी जान की बाजी लगाने को तैयार रहते थे। सुंदर ने नरेश के परिजनों की मौत का बदला भी लिया था। हालांकि, समय के साथ दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई, जिसके कारण एक गैंगवार में नरेश भाटी मारा गया। नरेश की मौत के बाद सुंदर भाटी ने अपनी पत्नी को दनकौर का ब्लॉक प्रमुख बनवा दिया और व्यापारी हरेंद्र प्रधान से रंगदारी मांगी। पैसे न देने पर हरेंद्र प्रधान की हत्या कर दी गई। इस मामले में सुंदर भाटी समेत 9 लोगों पर मुकदमा चला और साल 2021 में सुंदर भाटी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

