BGT 2024-25: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी धीरे-धीरे नजदीक आ रही है और टीम इंडिया के कई खिलाड़ी सीरीज की तैयारी के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना हो चुके हैं। इन सबके बीच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी सवालों का जवाब दिया। सीरीज से पहले फैंस के मन में कई सवाल थे, जिनका जवाब गंभीर ने दिया। उन्होंने इस बारे में भी बात की कि क्या रोहित शर्मा सीरीज के पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे।
रोहित शर्मा की उपलब्धता
सीरीज से पहले ही ऐसी अफवाहें जोर पकड़ रही थीं कि कप्तान रोहित शर्मा पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। रोहित की उपलब्धता पर बात करते हुए गंभीर ने कहा, “रोहित शर्मा के बारे में अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। उम्मीद है कि वह उपलब्ध होंगे। सीरीज शुरू होने से पहले आपको सब पता चल जाएगा।”
केएल राहुल का किया समर्थन
केएल राहुल के बारे में पूछे जाने पर गंभीर ने कहा, “केएल राहुल शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं, वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं, वह छठे नंबर पर खेल सकते हैं – इसलिए आपको कई चीजें करने के लिए बहुत प्रतिभा की आवश्यकता होती है, और वह वनडे में विकेटकीपिंग भी करते हैं। सोचिए कि कितने देशों के पास केएल राहुल जैसा खिलाड़ी है, और रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में, वह विकल्पों में से एक है।”
रोहित की अनुपस्थिति में कौन होगा कप्तान
गंभीर ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर रोहित शर्मा उपलब्ध नहीं होते हैं, तो जसप्रीत बुमराह कप्तान के रूप में टीम इंडिया की अगुआई करेंगे। बुमराह टीम इंडिया के उप-कप्तान के रूप में सीरीज में खेलेंगे।
रोहित और विराट का किया समर्थन
रोहित शर्मा और विराट कोहली के खराब फॉर्म पर गंभीर ने कहा, “सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा अभी भी बहुत मेहनत करते हैं, वे अभी भी जुनूनी हैं, वे अभी भी बहुत कुछ हासिल करना चाहते हैं, और यह जरूरी है। ड्रेसिंग रूम में भूख मेरे लिए महत्वपूर्ण है। वे मजबूत व्यक्ति हैं।”
आलोचना का जवाब
मुख्य कोच के रूप में अपनी भूमिका की आलोचना के जवाब में गंभीर ने कहा, “जब मैंने यह पद संभाला था, तो मुझे पता था कि यह प्रतिष्ठित होगा, लेकिन चुनौतीपूर्ण भी होगा। मुझे किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है। हमने तीनों विभागों में बेहतर प्रदर्शन किया। हम सभी आलोचनाओं को स्वीकार करते हैं। ऑस्ट्रेलिया में तैयारी करना महत्वपूर्ण होगा। पहले टेस्ट के पहले दिन से पहले के ये दस दिन बहुत महत्वपूर्ण होंगे।”

