Ghaziabad: गाजियाबाद जिले में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। बीते रात पुलिस ने अलग-अलग थानाक्षेत्रों में मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गोली मारकर हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों बदमाश स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देकर दिल्ली से गाजियाबाद आते थे और फिर वापस दिल्ली लौट जाते थे।
रामपुरी रेलवे लाइन के पास मुठभेड़
लिंकरोड थानाक्षेत्र में एसीपी साहिबाबाद रजनीश कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार को रुकने का इशारा किया। संदिग्ध युवक ने रुकने के बजाय तेजी से स्कूटी दौड़ा दी। पीछा करते समय स्कूटी रामपुरी रेलवे लाइन के पास फिसलकर गिर गई, जिसके बाद पुलिस से घिरा बदमाश गोली चलाने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और घायल अवस्था में उसे हिरासत में ले लिया गया।
एक लाख रुपये जुए में हारकर बना अपराधी
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान जतिन चौहान उर्फ सोनू चौहान पुत्र जिलानी चौहान के रूप में हुई है, जो दिल्ली के नंदनगरी थाने के अंतर्गत सुंदर नगरी इलाके का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह एक लॉ का छात्र है और जुए में हारे हुए करीब एक लाख रुपये की भरपाई के लिए स्नेचिंग करने लगा। उसने गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में लूट और स्नेचिंग की वारदातें अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से तमंचा, कारतूस, 17,400 रुपये नकदी और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
शालीमार गार्डन में दूसरी मुठभेड़
एक अन्य मुठभेड़ शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र में देर रात हुई। एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर आ रहे एक युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह तेजी से भाग निकला। पीछा करने के दौरान उसकी बाइक फिसलकर गिर गई और बदमाश ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
दो दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज
इस अभियुक्त की पहचान जुगल पुत्र विनोद के रूप में हुई है, जो दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके का निवासी है। पुलिस के अनुसार, जुगल के खिलाफ गाजियाबाद और दिल्ली में हत्या, लूट और स्नेचिंग के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद किया है। पूछताछ में जुगल ने स्वीकार किया कि वह गाजियाबाद के सीमा से सटे इलाकों में स्नेचिंग की घटनाएं करता और फिर दिल्ली लौट जाता था।
ये भी पढें..
Ghaziabad News: गाजियाबाद में छठ पूजा को लेकर सार्वजनिक अवकाश घोषित, सभी स्कूल बंद
पुलिस का सख्त रुख
गाजियाबाद पुलिस ने हाल के दिनों में अपराध पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। अपराधियों के खिलाफ लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों से पुलिस का सख्त रुख नजर आ रहा है। पुलिस ने इन बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है, जिससे उम्मीद है कि इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर बनेगी।

