Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को बीच सड़क पर बालों से पकड़कर कई बार थप्पड़ मारे। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह लड़की को बचाया। मारपीट के बाद घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें युवक पीड़िता को बालों से पकड़कर पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। कई यूजर्स ने ट्विटर (अब एक्स) पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
शनिवार को घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में एक युवक लड़की को बालों से पकड़कर थप्पड़ मारता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि कुछ लोग पास में ही खड़े हैं। एक अन्य व्यक्ति लड़की को बचाने के लिए मौके पर पहुंचता है और उसे आरोपी से अलग कर उसे भगा देता है। इस बीच, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना को रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
यह भी पढ़ें: UP News: सीएम योगी को जान से मारने की धमकी देने वाली महिला गिरफ्तार, आईटी ग्रेजुएट है फातिमा खान
पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो दादरी इलाके के ओमेक्स ग्रीन सोसायटी का है। आरोपी सूर्या भद्राना द्वारा अपनी महिला मित्र के साथ मारपीट करने का वीडियो वायरल होने के बाद उसे हिरासत में लेने के लिए तुरंत कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि युवक और युवती एक दूसरे से परिचित हैं और कॉलेज में साथ-साथ पढ़ते थे। पुलिस ने अब आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

