Noida News: नोएडा स्थित इस्कॉन मंदिर में शनिवार को गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान कृष्ण की विशेष पूजा और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। 20 फुट ऊंचे गोवर्धन पर्वत को आकर्षक ढंग से सजाया गया। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से भगवान कृष्ण की पूजा की और मंदिर परिसर में हरे राम, हरे कृष्ण के जयकारे गूंज उठे। इस दौरान माहौल भक्तिमय हो गया।
56 प्रकार का भव्य भोग लगाया
इस वर्ष भगवान कृष्ण को 56 प्रकार के अन्न का भोग लगाया गया, जिसमें भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन शामिल थे। मंदिर के मीडिया प्रभारी एकांत धाम दास के अनुसार, विशेष भोग में भगवान कृष्ण की पसंदीदा मिठाइयां, फल, मेवे और अनाज से बने विशेष व्यंजन शामिल थे। श्रद्धालुओं ने भगवान को ये स्वादिष्ट व्यंजन श्रद्धापूर्वक अर्पित किए।
गोवर्धन पर्वत की पूजा
हजारों श्रद्धालुओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और भगवान कृष्ण को प्रसाद चढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त किया। अन्नकूट महोत्सव में प्रसाद के रूप में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन वितरित किए गए, जिससे सभी भक्तों को संतुष्टि मिली। इस्कॉन मंदिर के उत्सव ने भक्तों को आध्यात्मिक शांति और संतुष्टि प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान, संतों ने भक्तों को प्रवचन दिए और भक्तों ने इस अवसर के लिए विशेष रूप से बनाए गए गोवर्धन पर्वत की पूजा की।

