Faridabad: दिल्ली से सटे फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र में दिवाली से एक दिन पहले एक दर्दनाक हादसे में एक छात्र की जान चली गई। बुधवार शाम को बल्लभगढ़ के मंदावली गांव में घर में पटाखे जलाते समय एक पटाखा जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे घर की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूट गए। इस धमाके में 17 वर्षीय कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डाल दिया है।
घर की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूटे
मंदावली निवासी कन्हैया कक्षा 11वीं का छात्र था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। बुधवार शाम जब यह हादसा हुआ, उस समय उसके परिवार के सदस्य खेत में काम कर रहे थे, और कन्हैया घर पर अकेला था। कन्हैया पटाखे जला रहा था, तभी एक पटाखा अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घर की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूट गए और कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
ये भी पढें..
Delhi Metro News: यात्रीगण कृपया ध्यान दें! दिवाली के दिन रात 10 बजे तक ही चलेगी मेट्रो
पुलिस ने शुरू की जांच, परिवार में मातम
घटना के बाद से परिवार के सदस्यों का बुरा हाल है। हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कन्हैया के शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जाएगा, जिससे हादसे की वजह का सही कारण सामने आ सके। पुलिस इस घटना से जुड़ी सभी संभावनाओं पर जांच कर रही है।

