New Delhi: नवंबर की शुरुआत से देश में कई महत्वपूर्ण नियम लागू होने जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर आम जनता की जेब और वित्तीय योजनाओं को प्रभावित करेंगे। 1 नवंबर से लागू होने वाले इन बदलावों में एलपीजी, क्रेडिट कार्ड, म्यूचुअल फंड, सीएनजी-पीएनजी और टेलीकॉम सेक्टर से जुड़े अहम बदलाव शामिल हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में विस्तार से:
एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बदलाव की संभावना
हर महीने की पहली तारीख को पेट्रोलियम कंपनियां घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में संशोधन करती हैं। अक्टूबर में जहां 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 48.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, वहीं घरेलू रसोई गैस के दाम लंबे समय से स्थिर हैं। उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि इस बार 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत मिल सकती है, जिससे उनके मासिक बजट पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
सीएनजी-पीएनजी और हवाई ईंधन की कीमतों में संभावित बदलाव
एलपीजी के साथ-साथ सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में भी संशोधन की उम्मीद है। त्योहारी सीजन को देखते हुए एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दामों में कमी आने की संभावना जताई जा रही है, जिससे हवाई सफर करने वालों को राहत मिल सकती है। सीएनजी-पीएनजी के उपभोक्ताओं को भी दामों में कमी की उम्मीद है, जो दैनिक परिवहन लागत को प्रभावित कर सकती है।
क्रेडिट कार्ड के नियमों में होंगे बदलाव
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की सहायक कंपनी एसबीआई कार्ड (SBI Card) ने अपने क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए यूटिलिटी बिल भुगतान और फाइनेंस चार्जेस से जुड़े नए नियम लागू करने का निर्णय लिया है। 1 नवंबर से लागू होने वाले इन नियमों के तहत ब्याज दर और भुगतान की शर्तों में बदलाव संभव है। कार्ड धारकों को अपनी भुगतान योजनाओं में बदलाव करने की आवश्यकता हो सकती है।
म्यूचुअल फंड में इनसाइडर ट्रेडिंग पर कड़ी निगरानी
मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने म्यूचुअल फंड के इनसाइडर ट्रेडिंग नियमों को सख्त करने की योजना बनाई है, जो 1 नवंबर से प्रभावी हो सकते हैं। नए नियमों के तहत एसेट मैनेजमेंट कंपनियों (AMCs) को फंड में नॉमिनी व्यक्तियों और उनके रिश्तेदारों द्वारा किए गए 15 लाख रुपये से अधिक के लेनदेन की जानकारी अनुपालन अधिकारी को रिपोर्ट करनी होगी, ताकि पारदर्शिता और निवेशकों का भरोसा बनाए रखा जा सके।
टेलीकॉम सेक्टर में स्पैम ब्लॉकिंग के नए नियम
टेलीकॉम सेक्टर में भी इस महीने से नए नियम लागू होंगे। सरकार ने जियो और एयरटेल जैसी सभी टेलीकॉम कंपनियों को संदेश ट्रेसिबिलिटी को लागू करने का निर्देश दिया है। इस प्रक्रिया के तहत कंपनियां स्पैम नंबरों को ट्रेस करके उन्हें ब्लॉक करेंगी, जिससे उपभोक्ताओं को अनचाहे संदेशों से राहत मिल सकेगी।
ये भी पढें..
बैंक 13 दिन रहेंगे बंद
नवंबर में त्योहारों और विधानसभा चुनावों के चलते बैंकों में कुल 13 दिन की छुट्टियां होंगी। इन छुट्टियों के दौरान उपभोक्ता ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं, जो 24 घंटे उपलब्ध रहती हैं।

