Ghaziabad: नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में ओयो होटल्स (OYO Hotels) की संख्या हजारों में है। ये होटल्स सस्ती कीमतों पर आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं, जिससे इनकी लोकप्रियता अधिक है। हालांकि, इन होटलों में अक्सर अनैतिक गतिविधियों, सेक्स रैकेट, और अवैध धंधों का संचालन होने की खबरें भी आती रहती हैं। पुलिस जब कभी इन होटलों पर छापा मारती है, तो ऐसे मामलों का खुलासा होता है, और तब ओयो की तरफ से एक बयान जारी किया जाता है कि ये होटल कंपनी का नहीं है। ऐसा दावा कई बार किया जा चुका है।
गाजियाबाद के ओयो होटल में सेक्स रैकेट का खुलासा
ताज़ा मामला गाजियाबाद का है, जहां एक ओयो होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ। पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टीम ने छापेमारी कर कई लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस ने आपत्तिजनक वस्तुएं, एंट्री रजिस्टर, क्यूआर कोड और नकदी बरामद की। जांच के दौरान यह सामने आया कि लड़कियों को नौकरी के नाम पर बुलाकर देह व्यापार में धकेला जा रहा था। साथ ही उन्हें धमकाया भी गया था। इस मामले में होटल के संचालक शिव कुमार समेत अन्य को गिरफ्तार किया गया है।
नोएडा में भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
इससे पहले भी नोएडा में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। वहां भी ओयो होटल में लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर देह व्यापार में फंसाया गया था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कई लड़कियों को आपत्तिजनक हालत में बरामद किया। यह होटल भी ओयो से जुड़ा हुआ था, जहां लंबे समय से अवैध गतिविधियां चलाई जा रही थीं।
ये भी पढें..
ओयो की जवाबदेही पर सवाल
इन घटनाओं के बाद ओयो की तरफ से अक्सर यह बयान जारी किया जाता है कि संबंधित होटल कंपनी का नहीं है। सवाल उठता है कि जब लंबे समय से इन होटलों पर ओयो का नाम दिखाई देता है, तो क्या इन होटलों की निगरानी नहीं होती? विवाद होने या अनैतिक गतिविधियों के उजागर होने के बाद ही ओयो प्रशासन क्यों सक्रिय होता है? क्या इन्हें पहले से पता नहीं होता कि यह होटल उनके अंतर्गत आता है?
ओयो होटल्स की इस प्रकार की घटनाओं पर चुप्पी और बयानबाज़ी से इसकी जवाबदेही पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। ऐसे मामलों में कंपनी अक्सर पीछे हट जाती है, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति पैदा होती है। आखिरकार, यह जानना जरूरी है कि इन होटलों में चल रही गतिविधियों के लिए किसकी जवाबदेही बनती है और कब तक अनैतिक धंधों का यही सिलसिला चलता रहेगा?

