Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को एक एनकाउंटर के बाद बंबीहा गैंग के दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिलाल अंसारी और शोएब कुरैशी के रूप में की गई है। दोनों पर आरोप है कि इन्होंने दिल्ली के रानीबाग इलाके में बंबीहा गैंग के नाम पर फायरिंग कर रंगदारी वसूलने की कोशिश की थी। सूत्रों का कहना है कि पुलिस और इन बदमाशों के बीच यह मुठभेड़ नजफगढ़ रोड पर हुई, जहां बदमाशों ने पुलिस को रोकने पर उन पर फायरिंग कर दी थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को गोली लग गई।
बिजनेसमैन के घर के बाहर फायरिंग का मामला
सूत्रों के मुताबिक, दोनों ही बदमाशों को जेल से ही फायरिंग करने के निर्देश मिले थे। बताया जा रहा है कि बिलाल और शोएब अपराध की दुनिया में हाल ही में सक्रिय हुए हैं और बंबीहा गैंग के नाम पर फायरिंग करते हुए रंगदारी मांगने का प्रयास कर रहे थे। इस घटना में, बदमाशों ने एक बिजनेसमैन के घर के बाहर फायरिंग करते समय एक पर्ची फेंकी थी, जिस पर बंबीहा गैंग के कौशल चौधरी और पावर शौकीन का नाम लिखा हुआ था। यह गैंग लॉरेंस बिश्नोई का प्रतिद्वंद्वी माना जाता है, जो अपराध जगत में पहले से ही कुख्यात है।
ये भी पढें..
घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया
रिपोर्ट्स के अनुसार, नजफगढ़ गंदा नाला इलाके में दोनों बदमाशों की मूवमेंट की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल सतर्क हो गई थी। थोड़ी ही देर बाद दोनों बाइक पर आते हुए देखे गए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बिलाल अंसारी को पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने बिलाल और शोएब दोनों को धर दबोचा। घायल बिलाल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा और एक पिस्टल भी बरामद की है।

