J&K Encounter: जम्मू-कश्मीर के अखनूर में सोमवार को सेना की एंबुलेंस पर आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो मंगलवार सुबह तक चला। इस दौरान सेना के जवानों ने तीनों आतंकवादियों को मार गिराया। जानकारी के अनुसार, इनमें से एक आतंकी की मौत सोमवार शाम को हो गई थी, जबकि बाकी दो फरार होकर मंदिर में छिप गए थे।
सूत्रों के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को सूचना मिली कि दोनों आतंकी मंदिर के पास एक बेसमेंट में छिपे हैं। पूरी रात आतंकी उस बेसमेंट में रहे। मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों ने उस बेसमेंट में कार्रवाई शुरू की, जिसमें ग्रेनेड फेंके गए और फायरिंग की गई। बेसमेंट में हुए इस इंटरवेंशन के बाद दोनों आतंकी बाहर आए, जहां सुरक्षा बलों ने उन्हें ढेर कर दिया।
पैरा कमांडो और बीएमपी-2 टैंक का उपयोग
इस मुठभेड़ में सेना ने पैरा कमांडो के साथ बीएमपी-2 टैंकों (इन्फेंट्री कॉम्बैट व्हीकल) का भी इस्तेमाल किया। यह पहली बार है कि आतंकियों के खिलाफ इन टैंकों का प्रयोग किया गया है। सोमवार सुबह लगभग 7 बजे भट्टल इलाके में तीन आतंकियों ने सेना के वाहन पर फायरिंग की थी। इसके तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
भारतीय सेना के मुताबिक, जोगवान गांव के अस्सन मंदिर के पास सुरक्षा बलों ने चार बीएमपी-2 इन्फेंट्री कॉम्बैट वाहन का इस्तेमाल किया, जिससे घेराबंदी और निगरानी को और मजबूत किया जा सके। सेना की इस रणनीतिक कार्रवाई ने आतंकियों के बच निकलने के सभी रास्तों को बंद कर दिया।
ये भी पढें..
ड्यूटी पर शहीद हुआ ‘फैंटम’
इस मुठभेड़ में सेना का एक डॉग ‘फैंटम’ भी शहीद हो गया। सोमवार को जब सुरक्षा बल आतंकियों के करीब पहुंचे, तो फैंटम को गोली लगने से उसकी मृत्यु हो गई। सेना के ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने अपने नायक फैंटम को नमन करते हुए कहा, ‘‘भारतीय सेना के इस वीर कुत्ते फैंटम का सर्वोच्च बलिदान अमूल्य है।’’

