Noida: नोेए़डा सेक्टर 71 के शिव शक्ति छठ पूजा समिति के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने श्री सहयोग छठ पूजा समिति पर छठ पूजा के नाम पर राजनीति और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। पिछले 20 वर्षों से शिव शक्ति अपार्टमेंट में छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा था, लेकिन पिछले दो वर्षों में पूजा स्थल को अस्पताल में बदलने के कारण आयोजन स्थल बदलकर लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर पेट्रोल पंप के पास कर दिया गया। सत्येंद्र सिंह का कहना है कि इस बदलाव के कारण कई बुजुर्ग और चलने में असमर्थ लोग पूजा में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में इस बार शिव शक्ति समिति ने सेक्टर 71 में ही पूजा आयोजित करने का निर्णय लिया है।
सहयोग समिति पर भ्रम फैलाने का आरोप
सत्येंद्र सिंह ने कहा कि पूजा के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी की जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद श्री सहयोग समिति के सदस्यों द्वारा लगातार भ्रम फैलाने और पूजा को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सहयोग समिति के सदस्य मीडिया और नोएडा प्राधिकरण में गलत सूचनाएं प्रसारित कर रहे हैं। शिव शक्ति समिति के सदस्यों ने इस स्थिति को निंदनीय बताया और स्पष्ट किया कि वे हर हाल में अपने पूजा समारोह का आयोजन करेंगे। समिति का कहना है कि श्री सहयोग समिति के सदस्य बिना चुनाव के अपनी मनमानी करते हुए कार्यकारिणी का गठन कर चुके हैं।
भ्रष्टाचार और राजनीति का आरोप
शिव शक्ति छठ पूजा समिति ने श्री सहयोग समिति पर छठ पूजा के नाम पर भ्रष्टाचार और राजनीतिकरण का भी आरोप लगाया है। समिति का कहना है कि श्री सहयोग समिति के सदस्य बिना किसी कारण के अपने पदों पर बने हुए हैं, जबकि समिति का कार्यकाल केवल दो वर्ष का होता है। सत्येंद्र सिंह ने मांग की है कि नोएडा प्राधिकरण और स्थानीय प्रशासन इस मामले की जांच करें और छठ पूजा के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार और राजनीति की सच्चाई को सामने लाया जाए। उनका मानना है कि हर समिति को अपनी पूजा का आयोजन करने का अधिकार है और किसी को भी इसे रोकने का हक नहीं है।
ये भी पढें..
प्रशासन से जांच की मांग
शिव शक्ति समिति ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस विवाद की गहनता से जांच की जाए, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि छठ पूजा जैसे धार्मिक आयोजन में कोई भ्रष्टाचार और राजनीति न हो। समिति का मानना है कि इस प्रकार के मुद्दों का समाधान प्रशासनिक हस्तक्षेप से ही किया जा सकता है।

