Noida: धनतेरस से लेकर भैया दूज तक के त्योहारों को ध्यान में रखते हुए नोएडा के प्रमुख बाजारों में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष प्रबंध किए हैं। इन प्रबंधों के तहत नोएडा के व्यस्त बाजारों में, जैसे सेक्टर-18, अट्टा, हरौला और आसपास के इलाकों में मंगलवार से अगले पांच दिनों तक मार्गों में बदलाव किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य इन परिवर्तनों से बाजार क्षेत्रों में जाम की समस्या को कम करना है ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
ये इलाके होंगे सबसे ज्यादा प्रभावित
डीसीपी यातायात यमुना प्रसाद ने जानकारी दी कि त्योहारों के दौरान विभिन्न बाजार क्षेत्रों में वाहन चालकों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए मार्गों में आवश्यकतानुसार बदलाव किए जाएंगे। प्रमुख बाजारों जैसे सेक्टर-27 अट्टा, इंदिरा बाजार, सेक्टर-18, हरौला, जीआईपी मॉल, गार्डन गलेरिया मॉल, डीएलएफ मॉल, ब्रह्मपुत्र मार्केट, लॉजिक्स मॉल, सिटी सेंटर, शॉप्रिक्स मॉल, बॉटनिकल गार्डन, किसान चौक, सूरजपुर, जगतफार्म, परी चौक, कस्बा कासना और दादरी में वाहन दबाव अधिक होने की संभावना है।
मुख्य बाजारों में वाहन प्रतिबंध
डीसीपी यमुना प्रसाद के अनुसार, सेक्टर-18 और आसपास की सड़कों को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है। यहां सड़क किनारे पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी, और खड़े हुए वाहनों को क्रेन द्वारा हटाया जाएगा। यातायात पुलिस ने कुछ क्षेत्रों में ई-रिक्शा के आवागमन पर भी अस्थायी रोक लगाई है। यातायात संबंधी सहायता के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9971009001 जारी किया है, जहां यातायात समस्या के समाधान के लिए संपर्क किया जा सकता है।
ये भी पढें..
मार्गों में बदलाव के निर्देश
पहला रूट: सेक्टर-27 अट्टा, इंदिरा बाजार, डीएलएफ मॉल, सेंटर स्टेज मॉल, गुरुद्वारा, जीआईपी मॉल, गार्डन गलेरिया मॉल के सभी मार्गों पर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं रहेगी।
दूसरा रूट: अट्टा पीर चौराहे से कार मार्केट सेक्टर-28 और अट्टा चौक से अट्टा पीर तक ई-रिक्शा, ऑटो और टैंपो का आवागमन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
तीसरा रूट: अट्टा, इंदिरा बाजार, ब्रह्मपुत्र बाजार, डीएलएफ मॉल, सेंटर स्टेज मॉल आने वाले लोग अपने वाहनों को मॉल की पार्किंग या सेक्टर-18 की बहुमंजिला पार्किंग में खड़ा करेंगे।
चौथा रूट: सेक्टर-32 लॉजिक्स मॉल और सिटी सेंटर के आसपास के मुख्य मार्गों को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है, जहां पर ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी।
पांचवां रूट: किसान चौक, सूरजपुर, जगत फार्म, परी चौक, कासना और दादरी के मार्गों में जरूरत के हिसाब से बदलाव किए जाएंगे।

