Noida: हाल ही में रिलीज हुई रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ में उनकी एक्टिंग और एटीट्यूड ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। इसी बीच असल जिंदगी में ‘एनिमल’ जैसी जिंदगी जीने वाले कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जीवन पर आधारित एक वेब सीरीज बनाने की घोषणा की गई है। सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाले इस गैंगस्टर की कहानी अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दिखाई जाएगी। नोएडा के प्रोड्यूसर अमित जानी ने ‘लॉरेंस- ए गैंगस्टर स्टोरी’ नामक इस वेब सीरीज की घोषणा की है, जिसे इंडियन मोशन पिक्चर्स एसोसिएशन से मंजूरी मिल चुकी है।
नोएडा में होगा ऑडिशन
फायर फॉक्स फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनने वाली इस वेब सीरीज के लिए 27 अक्टूबर को नोएडा के सेक्टर-18 में ऑडिशन का आयोजन किया गया है। इस सीरीज के लिए 22 से 30 वर्ष के थिएटर बैकग्राउंड वाले कलाकारों को मौका देने का निर्णय लिया गया है। दिवाली पर इसकी कास्टिंग की घोषणा की जाएगी।
सलमान खान और बाबा सिद्दीकी के दुश्मन की कहानी
गौरतलब है कि वर्तमान में गुजरात की साबरमती सेंट्रल जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई हाल ही में सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की घटना के कारण सुर्खियों में रहा है। बिश्नोई की गैंग ने सलमान खान के करीबी बाबा सिद्दीकी की हत्या का दावा किया है और काले हिरण शिकार मामले में बिश्नोई समाज से माफी मांगने की मांग भी रखी है। इसके बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से एक धमकी भरा संदेश मुंबई ट्रैफिक कंट्रोल रूम को मिला, जिसमें सलमान से 5 करोड़ रुपये की मांग की गई और नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
‘कराची टू नोएडा’ पर भी काम कर रहे प्रोड्यूसर
प्रोड्यूसर अमित जानी इसके अलावा एक और दिलचस्प प्रोजेक्ट ‘कराची टू नोएडा’ पर काम कर रहे हैं। यह कहानी पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर और भारतीय युवक सचिन की प्रेम कहानी पर आधारित है, जो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय रही है। साथ ही, उनके बैनर तले राजस्थान के दर्जी कन्हैया लाल साहू की हत्या पर भी एक फिल्म का निर्माण किया गया है।
ये भी पढ़ें..
Noida: हाईकोर्ट से मिली जमानत के बाद कुख्यात गैंगस्टर सुंदर भाटी हुआ रिहा
सलमान खान की सुरक्षा में बढ़ाई गई सख्ती
इन धमकियों के बावजूद सलमान खान ने ‘बिग बॉस 18’ की शूटिंग जारी रखी है। हालांकि, उनकी सुरक्षा में सख्ती बरती जा रही है। मुंबई पुलिस धमकी भरे संदेश के स्रोत की जांच में जुटी है।

