UP News: उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर आगामी 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के मद्देनज़र समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में कई चर्चित नेताओं के साथ-साथ कुछ चौंकाने वाले नाम भी शामिल हैं। पार्टी की ओर से जारी इस सूची में सपा मुखिया अखिलेश यादव, सपा सांसद रामगोपाल यादव, सपा नेता शिवपाल यादव, सांसद डिंपल यादव और पूर्व मंत्री आज़म खान जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं।
स्टार प्रचारकों में आज़म खान का नाम, जेल से बाहर आकर करेंगे प्रचार?
सपा की स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे पहला नाम पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का है। हालांकि, सबसे अधिक चर्चा में आज़म खान का नाम है, जो वर्तमान में जेल में बंद हैं। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या आज़म खान जेल से बाहर आकर पार्टी के लिए प्रचार कर पाएंगे या नहीं। आज़म खान का नाम सूची में शामिल होने से यह साफ संकेत मिलता है कि सपा इस उपचुनाव को लेकर पूरी तरह से गंभीर है और अपने हर संभव दिग्गज नेता को मैदान में उतारने के लिए तैयार है।
ये नेता करेंगे सपा का प्रचार
सपा के स्टार प्रचारकों की इस सूची में अखिलेश यादव, प्रो. रामगोपाल यादव, पूर्व मंत्री मोहम्मद आज़म खान, सपा सांसद डिंपल यादव, सांसद जया बच्चन, सपा नेता शिवपाल सिंह यादव, रामजी लाल सुमन, श्याम लाल पाल, बाबू सिंह कुशवाहा, लालजी वर्मा, हरेंद्र मलिक, अवधेश प्रसाद, नरेश उत्तम पटेल, इंद्रजीत सरोज, माता प्रसाद पांडेय, विशम्भर प्रसाद निषाद, राम अचल राजभर, ओम प्रकाश सिंह, कमाल अख्तर, शाहिद मंजूर, रामगोविंद चौधरी, लालबिहारी यादव, जावेद अली खान, राजाराम पाल, महबूब अली, जियाउर्रहमान बर्क, देवेश शाक्य, रामआसरे विश्वकर्मा, रमेश प्रजापति, किरनपाल कश्यप, राम औतार सैनी, रेखा वर्मा, त्रिभुवन दत्त, अतुल प्रधान, मिठाईलाल भारती, आबिद रजा, संजय कविता, राजपाल कश्यप, मो. शकील अहमद कश्यप और जुगुल किशोर बाल्मीकि का नाम शामिल है। इस सूची से साफ होता है कि सपा अपनी पूरी ताकत झोंकने के इरादे से चुनाव मैदान में उतर रही है।
कहां-कहां होगा उपचुनाव?
उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों – गाजियाबाद सदर, मीरापुर, फूलपुर, मझवां, करहल, कुंदरकी, खैर, कटेहरी और सीसामऊ – पर उपचुनाव होना है। इन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपने-अपने उम्मीदवार पहले ही घोषित कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें..
सपा की इस स्टार प्रचारकों की सूची से साफ संकेत मिलता है कि पार्टी अपने सभी प्रमुख चेहरों के माध्यम से मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करना चाहती है। अब देखना यह होगा कि क्या आज़म खान जेल से बाहर आकर सपा के लिए प्रचार कर पाएंगे या यह नाम केवल प्रतीकात्मक ही रहेगा।

