Noida: नोएडा प्राधिकरण द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को गांव सलारपुर में बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 50 करोड़ रुपये की सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नोएडा प्राधिकरण की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई, जिसमें किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण और अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इन खसरों पर चला बुलडोजर
अधिकारियों के अनुसार, वर्क सर्किल-6 के वरिष्ठ प्रबंधक के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान भूलेख विभाग की टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। लगभग 5,000 वर्ग मीटर क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त किया गया, जिसमें खसरा संख्या 595, 596, 597 और 598 में अवैध प्लॉटिंग, बाउंड्रीवॉल और टिन-शेड जैसी संरचनाओं को तोड़ा गया।
अवैध प्लॉटिंग कर रहे थे भू-माफिया
नोएडा प्राधिकरण के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस क्षेत्र में लंबे समय से भू-माफिया द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। छोटे-छोटे प्लॉट बनाकर लोगों को बेचा जा रहा था। यह अवैध गतिविधियां बड़े पैमाने पर चल रही थीं, जिन पर अब प्राधिकरण ने कड़ा प्रहार किया है। अधिकारी ने कहा, “यह कार्रवाई प्राधिकरण की जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा है और अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।”
ये भी पढ़ें..
ग्राम सोरखा में भी कार्रवाई की तैयारी
इसी अभियान के तहत ग्राम सोरखा के खसरा संख्या 44 और 46 में भी कई अवैध निर्माणों पर अंतिम नोटिस चस्पा किए गए हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय के भीतर इन निर्माणों को नहीं हटाया गया, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

