Noida: नोएडा में बाइक सवार लुटेरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना हो रही लूटपाट की घटनाओं से लोग दहशत में हैं। इस बार लुटेरों ने थाना सेक्टर-49 और सेक्टर-113 क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम दिया। पीड़ितों ने घटना की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस ने छह दिन बाद केस दर्ज कर जांच शुरू की है। घटना 19 अक्तूबर की है।
सेक्टर-49 में युवक के गले से सोने की चेन लूटी
सेक्टर-49 स्थित अंजनी होम्स में रहने वाले उत्कर्ष भार्गव अपने परिवार के साथ रहते हैं। 19 अक्तूबर की रात वह अपनी पत्नी पूजा के साथ सेक्टर-76 स्थित सब्जी मंडी गए थे। इसी दौरान काले रंग की यामाहा बाइक पर सवार हेलमेट पहने दो युवक उनके पास पहुंचे और अचानक उनके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। उत्कर्ष ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की, जिसमें बाइक सवार बदमाश कैद हो गए। बाइक की आगे की नंबर प्लेट टूटी हुई थी और उस पर ‘यूपी16सीएस’ लिखा हुआ था। उत्कर्ष ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी।
सेक्टर-78 में युवक से मोबाइल लूटा गया
सेक्टर-78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू सोसायटी के निवासी शिवांशु भसीन भी लुटेरों के शिकार बने। 19 अक्तूबर की रात करीब 9:30 बजे जब वह सोसायटी की मार्केट के सामने से गुजर रहे थे, तभी एक बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार दो बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। शिवांशु ने बताया कि आरोपियों ने हेलमेट नहीं पहना था। इस मामले में थाना सेक्टर-113 पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें..
Ghaziabad: बीटेक छात्रा अपहरण और दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी को 10 साल की सजा
पुलिस का बयान
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में संबंधित क्षेत्रों की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

