UP Bypolls Election 2024: गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से प्रत्याशी घोषित किए गए संजीव शर्मा पिछले 17 वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहे हैं। 2007 में भाजपा में शामिल होने के बाद संजीव शर्मा तीन वर्षों तक शहर की युवा शाखा के अध्यक्ष रहे। 2013 में उन्हें भाजपा का महानगर महासचिव नियुक्त किया गया और फिर क्षेत्रीय संयोजक के रूप में प्रचार की जिम्मेदारी संभाली। 2019 में अजय शर्मा के बाद संजीव शर्मा ने नगर अध्यक्ष का पद संभाला।
गाजियाबाद और साहिबाबाद टॉप टेन में
2019 से शहर के संगठनात्मक अभियान के दौरान गाजियाबाद ने पार्टी द्वारा सौंपे गए सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए उच्च स्थान बनाए रखा है। हाल ही में चलाए गए सदस्यता अभियान में गाजियाबाद सदर और साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र पूरे प्रदेश में टॉप टेन में शामिल रहे। 2022 के विधानसभा चुनाव में तीनों विधायकों ने पहले से अधिक मतों से जीत हासिल की और उसके बाद हुए ब्लॉक प्रमुख चुनाव में दोनों ब्लॉक प्रमुख जीते और जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भी भाजपा ने कब्जा जमाया।
नगर निगम चुनाव में 67 पार्षद जीते
नगर निगम चुनाव में पार्टी ने मेयर और 67 पार्षदों के साथ रिकॉर्ड जीत हासिल की। इसके बाद 2024 में संसदीय प्रत्याशी अतुल गर्ग ने भी जीत दर्ज की, स्थानीय निकाय प्रत्याशी धर्मेंद्र भारद्वाज ने भी जीत दर्ज की। इसके अलावा स्नातक प्रत्याशी दिनेश गोयल और शिक्षक प्रत्याशी श्री चंद शर्मा ने भी रिकॉर्ड जीत हासिल की। महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी के अनुसार संजीव शर्मा के नेतृत्व में भाजपा का गाजियाबाद महानगर संगठनात्मक ढांचा लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

