Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश सरकार ने दिवाली के मौके पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए खास तोहफा तैयार किया है। सभी लाभार्थी एक सिलेंडर रिफिल मुफ्त में ले सकेंगे। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि इस संबंध में शासनादेश प्राप्त हो गया है। आदेश के अनुसार लाभार्थी दिवाली पर दिसंबर तक मुफ्त गैस रिफिल का लाभ उठा सकते हैं।
लाभार्थियों को केंद्र सरकार से मिलती है ₹300 की सब्सिडी
उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर को रिफिल कराने पर केंद्र सरकार से ₹300 की सब्सिडी मिलती है। सिलेंडर रिफिल कराने के बाद यह राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए सीधे लाभार्थी के खाते में ट्रांसफर कर दी जाती है। यानी लाभार्थी को रिफिल कराते समय पूरी राशि देनी होती है और बाद में सब्सिडी उनके खाते में जमा हो जाती है। इसी तरह होली और दिवाली के मौके पर एक सिलेंडर रिफिल कराने पर योजना के लाभार्थियों को पूरी राशि उनके खाते में मिल जाती है।
जिले में 1.06 लाख लाभार्थी
जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि गाजियाबाद जिले में उज्ज्वला योजना के 1.06 लाख लाभार्थी हैं। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को अपना आधार नंबर अपडेट कराना जरूरी है। लाभार्थी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर अपना आधार नंबर अपडेट करा सकते हैं। अगर आधार नंबर अपडेट नहीं है तो उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा।

