Ghaziabad News: गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) भी मैदान में उतर गई है। एआईएमआईएम के प्रत्याशी रवि गौतम होंगे। रवि गौतम ने गाजियाबाद कलेक्ट्रेट से अपना नामांकन पत्र लिया है। बसपा से टिकट न मिलने पर रवि गौतम असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम में शामिल हो गए।
आज दो प्रत्याशियों ने खरीदें नामांकन पत्र
चुनाव आयोग ने गाजियाबाद सदर सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई। अब तक 14 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं, जिनमें एआईएमआईएम, बसपा और आसपा के प्रत्याशी शामिल हैं। पहले दिन ही आसपा और बसपा के छह प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिया। राष्ट्रीय जनलोक पार्टी से धर्मेंद्र सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मिथुन जायसवाल ने चौथे दिन सोमवार को नामांकन पत्र खरीदा।
यह भी पढ़ें: Noida News: डेंगू का कहर जारी. 15 नए मामलों की पुष्टि, कुल मरीजों की संख्या हुई 326
13 नवंबर को होंगे चुनाव
गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर है। प्रत्याशी 28 तारीख तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। इसके बाद यह साफ हो जाएगा कि इस उपचुनाव में कितने उम्मीदवार मैदान में होंगे। 13 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस उपचुनाव में आजाद समाज पार्टी भी मैदान में उतरेगी। आजाद समाज पार्टी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है, जबकि कांग्रेस और सपा ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

