Delhi News: दिल्ली में अब सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। राजधानी के कुछ इलाकों में वायु प्रदूषण खराब से गंभीर होता जा रहा है। शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 317 तक पहुंच गया है, जबकि आनंद विहार में यह 400 के करीब पहुंच गया है। दिवाली से करीब एक हफ्ते पहले अधिकारियों को GRAP-2 के तहत प्रतिबंध लगाने पड़े हैं।
आनंद विहार सबसे अधिक प्रदूषित
मुंडका, बवाना, वजीरपुर, जहांगीरपुरी, आनंद विहार, अलीपुर, अशोक विहार, आया नगर, बुराड़ी, द्वारका, मंदिर मार्ग और अन्य कई इलाकों में वायु गुणवत्ता “बहुत खराब” श्रेणी में पहुंच गई है। मंगलवार सुबह 8 बजे आनंद विहार में राजधानी में सबसे अधिक 385 AQI दर्ज किया गया। मुंडका में यह 368 और बवाना में 353 दर्ज किया गया। पंजाबी बाग में भी स्थिति कुछ ऐसी ही है, जहां PM 2.5 का स्तर 352 तक पहुंच गया। अशोक विहार में AQI 342, अलीपुर में 321, बुराड़ी में 340, द्वारका में 324, जहांगीरपुरी में 358, रोहिणी में 348 और वजीरपुर में 350 रहा।
बच्चों और बुजुर्गों को खास ख्याल रखने की सलाह
राष्ट्रीय राजधानी के अधिकांश हिस्सों में धुंध की परत जम गई है। हवा की धीमी गति और आने वाले दिनों में बारिश की उम्मीद न होने के कारण चिंता है कि राजधानी में स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी। इसे देखते हुए डॉक्टर बच्चों और बुजुर्गों को खास ख्याल रखने की सलाह दे रहे हैं। सांस की बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए स्थिति खास तौर पर गंभीर है।