Noida News: एनसीआर में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। इसी रुझान को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों और चालकों के लिए खुशखबरी लेकर आया है। पर्यावरण संरक्षण को आधार बनाकर “स्वच्छ हवा और स्वच्छ नोएडा” की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नोएडा प्राधिकरण ने शहर भर में 50 नए इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की है।
प्रदूषण कम करने में अहम भूमिका
नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि इस बार प्राधिकरण खुद ही चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगा। स्थानों के चयन के लिए प्रारंभिक सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और अंतिम निर्णय के लिए एक और सर्वेक्षण की योजना बनाई गई है। ये स्टेशन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, मेट्रो स्टेशनों और प्रमुख मार्गों पर स्थापित किए जाएंगे। यह कदम इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या, खासकर आने वाले महीनों में 100 से अधिक ई-बसों के संचालन के मद्देनजर उठाया गया है। यह पहल शहर के प्रदूषण के स्तर को कम करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
सब्सिडी दे रही सरकार
केंद्र और उत्तर प्रदेश दोनों सरकारें इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी दे रही हैं। आंकड़ों के अनुसार, प्रत्येक इलेक्ट्रिक कार सालाना 4.04 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन को कम करने में मदद करती है। वर्तमान में, प्राधिकरण प्रति यूनिट एक रुपया चार्ज कर रहा है।

