UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सक्रिय सदस्य बन गए। उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की मौजूदगी में यह प्रक्रिया पूरी की। इसके साथ ही भाजपा के सक्रिय सदस्यता अभियान की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि संगठन के महाअभियान के दौरान नियमित सदस्यता का लक्ष्य हासिल करने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पहला सक्रिय सदस्य बनाकर सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत आज डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को भी सक्रिय सदस्य बनाया जाएगा। सभी पार्टी कार्यकर्ता मिलकर डेढ़ लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखेंगे।
पीएम मोदी बने थे पहले सक्रिय सदस्य
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के पहले सक्रिय सदस्य बने थे। इस मौके पर सीएम योगी ने उन्हें बधाई दी थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर योगी ने लिखा, “विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा राष्ट्र-केंद्रित, जन-केंद्रित, कर्तव्य-उन्मुख और कार्यकर्ता-आधारित संगठन है। हमारे कार्यकर्ता-भक्त ही हमारी ताकत और क्षमता हैं। आज पार्टी के पहले सक्रिय सदस्य बनकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भावना को और मजबूत किया है।” उन्होंने आगे लिखा, “मैं उत्तर प्रदेश के सभी सम्मानित नागरिकों से अपील करता हूं कि वे प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान से जुड़ें और ‘विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत’ के निर्माण की यात्रा में भागीदार बनें।”
भाजपा देशभर में चला रही अभियान
भाजपा ने पूरे देश में बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान शुरू किया है। लोगों को सदस्य बनाने के लिए जगह-जगह कैंप लगाए गए हैं। पार्टी ने अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों के लोगों तक पहुंचने की विशेष रणनीति बनाई है। पार्टी के जिन सदस्यों ने खुद सदस्य बनने के बाद कम से कम 50 अन्य सदस्यों को सदस्य बनाया है, उन्हें सक्रिय सदस्य बनाया जा रहा है।

