DMRC: दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर स्मार्ट कार्ड न मिलने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। DMRC ने स्पष्ट किया है कि मेट्रो का स्मार्ट कार्ड केवल मेट्रो यात्रा के लिए उपयोग किया जाता है, जबकि नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) एक व्यापक कार्ड है जिसे न सिर्फ मेट्रो, बल्कि अन्य परिवहन साधनों और खुदरा लेनदेन के लिए भी प्रयोग किया जा सकता है।
DMRC का आधिकारिक बयान
डीएमआरसी की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया कि एनसीएमसी भारत सरकार की एक पहल है, जिसका उद्देश्य विभिन्न परिवहन प्रणालियों में यात्रियों के लिए सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्रदान करना है। DMRC ने बताया कि एनसीएमसी कार्ड का उपयोग मेट्रो के अलावा अन्य साधनों में भी किया जा सकता है और यह केवल यात्रा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसे रिटेल पर्चेज और बिल भुगतान के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, दिल्ली मेट्रो का स्मार्ट कार्ड केवल मेट्रो यात्रा तक ही सीमित रहता है।
एनसीएमसी पर भी मिल रही है मेट्रो कार्ड वाली छूट
डीएमआरसी ने यह भी स्पष्ट किया कि मेट्रो के स्मार्ट कार्ड पर मिलने वाली 10% से 20% तक की छूट अब एनसीएमसी कार्ड धारकों को भी मेट्रो में यात्रा करते समय मिल रही है। एनसीएमसी कार्ड लगभग सभी मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध है, और इसे विभिन्न बैंकों के कियोस्क से भी प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही, मेट्रो स्टेशनों पर बने कस्टमर सर्विस सेंटर और बैंक ऐप के जरिए भी इस कार्ड को आसानी से रिचार्ज किया जा सकता है।
मेट्रो यात्रियों के पास हैं तीन विकल्प
डीएमआरसी ने यह भी बताया कि मेट्रो यात्रियों के पास यात्रा करने के लिए तीन विकल्प मौजूद हैं। यदि कोई यात्री एनसीएमसी कार्ड नहीं लेना चाहता है, तो वह DMRC के मोबाइल ऐप के माध्यम से मल्टीपल जर्नी क्यूआर टिकट खरीद सकता है। इसके अलावा, जो यात्री एनसीएमसी कार्ड या मोबाइल ऐप का उपयोग नहीं करना चाहते, वे तीसरे विकल्प के रूप में मेट्रो का पारंपरिक स्मार्ट कार्ड भी खरीद सकते हैं, जिसे किसी भी मेट्रो स्टेशन पर यात्रा के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें..
क्या है नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड?
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) को वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “एक राष्ट्र, एक कार्ड” पहल के रूप में लॉन्च किया गया था। यह कार्ड यात्रियों को मेट्रो, बस, टोल टैक्स, पार्किंग शुल्क, रिटेल पर्चेज, बिल भुगतान, और टैक्स जमा करने की सुविधाएं प्रदान करता है। इसका उद्देश्य यात्रा और भुगतान प्रणाली को एकीकृत करना है, ताकि लोगों को एक ही कार्ड से कई सुविधाओं का लाभ मिल सके।

