Haryana New Cabinet Minister Name: नायब सैनी ने दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। वे राज्य के 19वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। हालांकि, वे इस पद पर आसीन होने वाले 11वें नेता हैं। शपथ ग्रहण समारोह पंचकूला के दशहरा मैदान में हुआ।
समारोह में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि थे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह के अलावा 18 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी मौजूद थे।
13 मंत्रियों ने ली शपथ
सीएम सैनी के साथ 13 मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें सबसे बड़ा समूह यानी पांच मंत्री ओबीसी वर्ग से हैं। जाट, ब्राह्मण और एससी समुदाय से दो-दो मंत्री चुने गए। इसके अलावा पंजाबी, राजपूत और वैश्य समुदाय से एक-एक मंत्री चुना गया।
ये बने मंत्री
नवनियुक्त मंत्रियों में अनिल विज, कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर, महिपाल ढांडा, विपुल गोयल और कृष्ण बेदी पहले भी मंत्री रह चुके हैं। रणबीर गंगवा पिछली भाजपा सरकार में डिप्टी स्पीकर थे। नए चेहरों में अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, आरती राव, श्रुति चौधरी और गौरव गौतम शामिल हैं, जो पहली बार मंत्री बने हैं। भाजपा ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश की तरह हरियाणा में डिप्टी सीएम नियुक्त करने का फॉर्मूला नहीं अपनाया है।