IPL 2025 Auction: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का मेगा ऑक्शन इस बार सऊदी अरब की राजधानी रियाद में आयोजित हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईपीएल के मेगा ऑक्शन का आयोजन 24 और 25 नवंबर को किया जा सकता है, हालांकि अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार ऑक्शन के लिए रियाद को वेन्यू के रूप में चुना गया है। इससे पहले आईपीएल 2022 का ऑक्शन दुबई में हुआ था। रियाद के अलावा लंदन और सिंगापुर जैसे शहर भी इस मेगा इवेंट की मेजबानी के लिए विचाराधीन थे, लेकिन स्टारस्पोर्ट्स की खबर के अनुसार, अंततः रियाद को ही मेगा ऑक्शन के लिए चुना गया है।
रियाद का टाइम ज़ोन और ब्रॉडकास्ट की सहूलियत
रियाद का टाइम जोन भारत के समय के अनुसार अनुकूल माना जा रहा है, जिससे मैचों का प्रसारण भारतीय दर्शकों के लिए सुविधाजनक होगा। इसके साथ ही, ब्रॉडकास्ट के लिए भी रियाद बेहतर विकल्प माना जा रहा है। जियो और डिज्नी स्टार की टीमें भी इस मेगा इवेंट का सीधा प्रसारण करने के लिए मौजूद होंगी।
ऑक्शन वेन्यू की तैयारियां अंतिम चरण में
ऑक्शन के आयोजन स्थल की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। सभी 10 फ्रेंचाइजी के अधिकारी इस इवेंट में शामिल होने के लिए रियाद पहुंचेंगे। उनके साथ-साथ जियो और डिज्नी स्टार की प्रमुख टीमें भी इस इवेंट को कवर करेंगी।
खिलाड़ियों की रिटेन और रिलीज लिस्ट
मेगा ऑक्शन से पहले, सभी टीमों को अपनी रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची तैयार करनी होगी। बीसीसीआई ने सभी टीमों को 31 अक्टूबर तक यह लिस्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। इस बार कुछ बड़े नामों के टीमों में बदलाव की संभावना है।]
ये भी पढ़ें..
सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा के नाम की काफी चर्चा रही है। पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस ने रोहित को कप्तानी से हटा दिया था, लेकिन इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, रोहित को मुंबई इंडियंस इस बार रिटेन कर सकती है। साथ ही सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी भी रिटेन हो सकते हैं।

