Noida: गौतम बुद्ध नगर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने के लिए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने एक अहम फैसला लिया है, जिससे लाखों लोगों को राहत मिलेगी। यातायात पुलिस ने सड़कों पर जाम की समस्या से निपटने के लिए नया प्लान तैयार किया है। अब नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 33 प्रमुख रास्तों पर हल्के मालवाहक वाहनों के लिए भी सुबह और शाम के समय नो एंट्री लागू कर दी गई है।
पहले यह प्रतिबंध केवल भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों पर लागू था, लेकिन अब हल्के मालवाहक वाहनों को भी व्यस्त समय के दौरान इन रास्तों पर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। यातायात पुलिस ने इस योजना में संशोधन करते हुए बुधवार से इसे लागू कर दिया है। सुबह 7 बजे से 11 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक हल्के मालवाहक वाहनों के लिए नो एंट्री रहेगी।
इन मार्गों पर लागू होगा नो एंट्री
यातायात डीसीपी यमुना प्रसाद ने जानकारी दी कि यह फैसला पुलिस अधिनियम 1861 की धारा-31 के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए लिया गया है। इसके तहत नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से परी चौक तक, उद्योग मार्ग पर सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से गोलचक्कर होते हुए झुंडपुरा तिराहा, एमपी वन पर डीएनडी से सेक्टर-57 चौराहा, एमपी टू पर फिल्म सिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-60 अंडरपास होते हुए डीएस तिराहा, और एमपी तीन पर ओखला बैराज पुल से किसान चौक तक हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
इसके साथ ही डीएससी मार्ग पर न्यू अशोक नगर दिल्ली बॉर्डर से फूलमंडी हिंडन तक के रूट पर भी हल्के मालवाहक वाहनों के लिए नो एंट्री का प्रावधान किया गया है।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि इस फैसले से व्यस्त समय में ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी और सड़कों पर यातायात प्रवाह में सुधार होगा। डीसीपी यमुना प्रसाद ने कहा, “इस बदलाव से शहर में यातायात की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।”
ये भी पढ़ें..
ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार का प्रयास
इस नए नियम के लागू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा की प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने में मदद मिलेगी। यातायात पुलिस का यह कदम शहर के लाखों निवासियों और रोजमर्रा के यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत साबित हो सकता है।

