Haryana New CM: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक बार फिर राज्य की कमान संभालेंगे। उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। उनके नाम का प्रस्ताव अनिल विज और कृष्ण बेदी ने रखा, जिसे विधायकों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। बैठक के दौरान गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद थे। नायब सिंह सैनी के नाम का प्रस्ताव अनिल विज द्वारा रखा जाना इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि विज भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार होने का दावा करते रहे हैं। चुनाव के दौरान उन्होंने कहा था कि अगर भाजपा जीतती है तो उनकी अगली बैठक मुख्यमंत्री के तौर पर उनसे होगी।
खट्टर के बाद बनाया गया था सीएम
सीएम सैनी को विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा गृह मंत्री अमित शाह ने की थी। इसी साल मार्च में मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। भाजपा ने उन्हें अपना चेहरा बनाकर हरियाणा चुनाव लड़ा था और पार्टी की जीत के बाद उनका मुख्यमंत्री बनना लगभग तय हो गया था। सीएम सैनी जल्द ही राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। गुरुवार को उनके मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की उम्मीद है। उनके साथ कई अन्य नेता भी शपथ ले सकते हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि अनिल विज को फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होेगे पीएम
इसके अलावा अहीरवाल क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती सिंह राव और राव नरबीर जैसे नेताओं को भी पद मिल सकता है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह शामिल होंगे। इनके अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के भी कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि चुनाव के दौरान ही केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नायब सिंह सैनी को भाजपा का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था। उन्होंने यह बयान अनिल विज की दावेदारी के बाद दिया था और भ्रम को दूर करने के लिए पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया था कि मुख्यमंत्री पद का चेहरा वास्तव में नायब सिंह सैनी ही होंगे।