IND vs NZ Test Series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 16 अक्टूबर से शुरू होने वाली है। पहला टेस्ट बेंगलुरु में खेला जाएगा और सीरीज से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पूरी तैयारी के साथ कीवी टीम का सामना करने का भरोसा जताया है। रोहित ने बताया कि उनका ध्यान विपक्षी टीम पर ध्यान देने के बजाय खुद के प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर रहेगा। इसके अलावा उन्होंने जसप्रीत बुमराह को उप-कप्तान बनाए जाने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
पिछली सीरीज से सीखना और बेहतर प्रदर्शन करना हमारा लक्ष्य
रोहित शर्मा ने कहा, “अलग-अलग टीमें हमारे लिए अलग-अलग चुनौतियां पेश करती हैं। न्यूजीलैंड एक अलग टीम है और वे एक नई चुनौती पेश करेंगे, लेकिन हमने उनके खिलाफ काफी क्रिकेट खेला है। हम उनके खिलाड़ियों, उनकी ताकत और कमजोरियों से वाकिफ हैं। हमारा ध्यान पिछली सीरीज से बेहतर प्रदर्शन करने पर रहेगा। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि हम किस टीम का सामना करते हैं; हमारा लक्ष्य खुद को बेहतर बनाते रहना है। हमारा लक्ष्य पिछली सीरीज से सीखना और बेहतर प्रदर्शन करना है।”
बुमराह कर सकते है कप्तानी
न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह को टीम इंडिया का उप-कप्तान बनाया गया है। रोहित शर्मा ने कहा कि बुमराह की नियुक्ति प्रबंधन की दीर्घकालिक नेतृत्व योजना का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि बुमराह ने पहले ही युवा खिलाड़ियों को सलाह देना और उनके साथ अपना अनुभव साझा करना शुरू कर दिया है। कप्तान रोहित का मानना है कि अगर जरूरत पड़ी तो बुमराह भारतीय टीम की अगुआई करने में सक्षम हैं। हाल ही में भारत ने बांग्लादेश को टेस्ट सीरीज में 2-0 से हराया था और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज भी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से अहम होगी।

