Hapur: तीर्थ नगरी गढ़मुक्तेश्वर के खादर क्षेत्र में आगामी कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले गंगा मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। डीएम प्रेरणा शर्मा ने सोमवार को अधिकारियों के साथ गढ़ गंगा के कच्चा घाटों का निरीक्षण किया और मेले की व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान डीएम प्रेरणा शर्मा ने पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका और अन्य विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेला स्थल पूरी तरह से साफ-सुथरा और समतल होना चाहिए। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए ताकि कहीं भी अंधेरा न हो और बिजली के कटे हुए तारों की समस्या न हो। सुरक्षा के मद्देनज़र, बिजली विभाग को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात और सुरक्षा की योजना तैयार
पुलिस विभाग के अधिकारियों से चर्चा करते हुए डीएम ने कहा कि मेले में आने वाली भारी भीड़ को देखते हुए यातायात और सुरक्षा की समुचित योजना बनाई जाए। उन्होंने विशेष तौर पर ध्यान दिलाया कि मेला क्षेत्र में जाम और भगदड़ जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
स्वास्थ्य सेवाओं की होगी पुख्ता व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए डीएम ने कहा कि मेले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और एम्बुलेंस की व्यवस्था चाक-चौबंद होनी चाहिए। नगर पालिका को पानी की आपूर्ति और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सही तरीके से उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़ें..
निरीक्षण में ये रहे मौजूद
डीएम के साथ निरीक्षण के दौरान स्थानीय विधायक हरेंद्र तेवतिया, जिला पंचायत अध्यक्षा रेखा नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश तोमर, एसडीएम साक्षी शर्मा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मेले की तैयारी को लेकर सभी विभागों के अधिकारी जुटे हुए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

