NCRTC: एनसीआरटीसी ने साहिबाबाद से दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्टेशन तक नमो भारत ट्रेन के ट्रायल रन की शुरुआत कर दी है। शनिवार को पहली नमो भारत ट्रेन दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्टेशन पर पहुंची। यह ट्रायल भारत के पहले रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के तहत किया जा रहा है, जिसका दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर जून 2025 तक पूरी तरह से संचालित करने का लक्ष्य है। फिलहाल, 42 किमी लंबे साहिबाबाद से मेरठ साउथ तक इस ट्रेन का संचालन हो रहा है।
दिल्ली में प्रवेश कर रही है नमो भारत ट्रेन
एनसीआरटीसी के प्रवक्ता के अनुसार, शनिवार को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के साहिबाबाद-न्यू अशोक नगर सेक्शन के बीच ट्रायल रन शुरू किया गया है। यह ट्रायल ट्रेन के दिल्ली में प्रवेश का प्रतीक है, जो कॉरिडोर के दिल्ली सेक्शन को पहले से संचालित साहिबाबाद-मेरठ साउथ खंड से जोड़ेगा।
पहले ट्रायल रन में मैन्युअल संचालन
साहिबाबाद-न्यू अशोक नगर के बीच ट्रायल रन के दौरान एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान ट्रेन को मैन्युअल रूप से चलाया गया, जिससे सिविल स्ट्रक्चर की मजबूती की जांच की जा सके। भविष्य में ट्रेन के हाई-स्पीड परीक्षण सहित कई अन्य व्यापक ट्रायल रन भी किए जाएंगे।
साहिबाबाद-न्यू अशोक नगर के बीच 12 किमी की दूरी
यह ट्रैक लगभग 12 किलोमीटर लंबा है, जिसमें आनंद विहार और न्यू अशोक नगर दो प्रमुख स्टेशन हैं। इस खंड के शुरू होने पर यात्रियों को न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक 40 मिनट से भी कम समय में यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।
बड़ा जंक्शन बनेगा आनंद विहार
आनंद विहार आरआरटीएस स्टेशन इस कॉरिडोर पर सबसे व्यस्त यात्री पारगमन केंद्रों में से एक होगा। यह स्टेशन ब्लू और पिंक मेट्रो लाइन, आनंद विहार रेलवे स्टेशन और दो आईएसबीटी (दिल्ली और कौशांबी) से जुड़ेगा, जिससे यह स्टेशन मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन का एक प्रमुख उदाहरण बनेगा।
न्यू अशोक नगर में मेट्रो स्टेशन से सीधा जुड़ाव
न्यू अशोक नगर आरआरटीएस स्टेशन और मेट्रो स्टेशन के बीच की दूरी 100 मीटर से भी कम है। यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों स्टेशनों के बीच फुटओवर ब्रिज बनाया जा रहा है, जिससे कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी।
अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित
एनसीआरटीसी को जर्मनी में यूआईसी सस्टेनेबिलिटी इम्पैक्ट अवार्ड्स 2024 में सर्वश्रेष्ठ ट्रांजिट अवार्ड और ओवरऑल विनर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। इस समय साहिबाबाद से मेरठ साउथ तक 42 किलोमीटर के खंड में नमो भारत ट्रेन सेवाएं संचालित हो रही हैं।
ये भी पढ़ें..
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा आवासीय प्लॉट योजना में खरीदारों की कमी, अंतिम तिथि फिर बढ़ी
बढ़कर 54 किलोमीटर का होगा संचालन
साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक ट्रेन संचालन शुरू होने से यह खंड 54 किलोमीटर लंबा हो जाएगा, जिसमें कुल 11 स्टेशन होंगे। न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक का निर्माण अंतिम चरण में है। 82 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर जून 2025 तक पूरा होने पर दिल्ली से मेरठ की यात्रा एक घंटे से भी कम समय में पूरी हो सकेगी।

