Noida: नोएडा में नवरात्रि के पावन अवसर पर जहां शहर भर में मां दुर्गा की प्रतिमाओं को विभिन्न स्थानों पर विराजमान किया जा रहा है और यह पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है, वहीं कुछ असामाजिक तत्व इस शुभ माहौल को बिगाड़ने की कोशिशों में लगे हुए हैं। ऐसा ही एक मामला नोएडा के सेक्टर-134 स्थित जेपी क्लासिक हाइट्स सोसाइटी में सामने आया है, जहां सोसाइटी की लिफ्ट में लगाए गए दुर्गा पूजा के पोस्टर को एक युवक द्वारा फाड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा वाकया
घटना 27 सितंबर की है, जब सोसाइटी की लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक युवक को पोस्टर फाड़ते हुए देखा गया। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि युवक लिफ्ट में घुसते ही दुर्गा पूजा की जानकारी वाले पोस्टर को फाड़ता है और उसे अपने पैरों के पास फेंक देता है। इस पूरी घटना का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद सोसाइटी के निवासियों में गहरा रोष फैल गया है।
धार्मिक भावनाओं पर चोट
सोसाइटी के निवासियों ने इस घटना पर कड़ी नाराज़गी जताई है। उन्होंने कहा कि नवरात्र जैसे पवित्र त्योहार के दौरान ऐसा अपमानजनक कृत्य करना न सिर्फ दुर्गा पूजा से जुड़ी धार्मिक भावनाओं पर चोट है, बल्कि यह समाज में सांप्रदायिक सौहार्द को भी प्रभावित करने वाला है। निवासियों का कहना है कि यह सिर्फ एक पोस्टर को फाड़ने का मामला नहीं है, बल्कि इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
ये भी पढ़ें..
Ghaziabad News: खुद को हिंदू बताकर रामलीला में करते थे नाटक, पहचाने जाने पर हुए तीन आरोपी गिरफ्तार
कड़ी कार्रवाई की मांग
सोसाइटी के कई लोगों ने मिलकर इस घटना को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पुलिस और सोसाइटी प्रबंधन से युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। निवासियों का कहना है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कदम उठाया जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। पुलिस को भी इस मामले की जांच कर दोषी युवक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है।

