Noida News: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में शराब पीने वालों के लिए बुरी खबर है। गौतमबुद्ध नगर में अक्टूबर माह में शराब की दुकानों के लिए विशेष आदेश जारी किए गए हैं। महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर को सभी शराब और मादक पदार्थों की दुकानें बंद रहेंगी। इसके अलावा हरियाणा की सीमा से लगे छह जिलों गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, शामली, बागपत, अलीगढ़ और मथुरा में शराब की दुकानें दो दिन और बंद रहने की संभावना है।
होटल और रेस्टोरेंट में प्रतिबंध
हरियाणा विधानसभा चुनाव के चलते 5 अक्टूबर को मतदान और 8 अक्टूबर को मतगणना होगी। इसके चलते इन सीमावर्ती जिलों में शराब की दुकानें बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। शराब की बिक्री पर तो प्रतिबंध रहेगा ही, साथ ही होटलों और रेस्टोरेंट में शराब परोसने पर भी रोक रहेगी। आबकारी विभाग के निरीक्षक इस संबंध में सख्त कार्रवाई करेंगे और निरीक्षण के दौरान अगर कोई दुकान खुली पाई गई तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा विधानसभा चुनाव का असर
गौतम बुद्ध नगर के जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 2 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश है और शराब की दुकानों के लाइसेंस “ड्राई डे” नियम के तहत मान्य होंगे। इसके अलावा, हरियाणा विधानसभा चुनाव के कारण हरियाणा सीमा के 3 किलोमीटर के अंदर स्थित सभी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। अगर इन तिथियों पर कोई दुकान खुली पाई जाती है तो उस पर जुर्माना लगाया जा सकता है और लाइसेंस रद्द किया जा सकता है।

