Ghaziabad News: घंटाघर पर रामलीला का मंचन होता है और इस दौरान हजारों की संख्या में लोग इसे देखने के लिए जुटते हैं। इसके चलते यातायात पुलिस ने जीटी रोड पर वाहनों के लिए नो-एंट्री का समय बढ़ा दिया है। अब जीटी रोड पर घंटाघर से वाहनों को रात एक बजे के बाद ही गुजरने दिया जाएगा। यह व्यवस्था तीन से 13 अक्टूबर तक लागू रहेगी। आमतौर पर भारी वाहनों के लिए प्रवेश रात 10 बजे खुलता है।
तीन स्थानों पर की गई पार्किंग व्यवस्था
अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने बताया कि घंटाघर रामलीला मैदान में आने वाले दर्शकों के लिए तीन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दर्शकों के लिए पहली पार्किंग रमते राम रोड पर नगर निगम के व्यावसायिक परिसर में है। दूसरी पार्किंग शंभूदयाल इंटर/डिग्री कॉलेज में है और तीसरी अंबेडकर रोड पर नेहरू युवा केंद्र में है।
निर्धारित स्थानों पर वाहन पार्क करें
एडीसीपी यातायात ने दर्शकों से अपील की है कि वे अपने वाहन सड़क किनारे न पार्क करें। दर्शकों से अनुरोध है कि वे अपनी गाड़ियाँ निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करें और वहाँ से पैदल ही रामलीला मैदान जाएँ। यातायात पुलिस निर्धारित क्षेत्र से बाहर पार्क किए गए वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी। असुविधा से बचने के लिए कृपया पुलिस का सहयोग करें।

