Dadasaheb Phalke Award 2024: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर यह घोषणा की। उन्हें यह पुरस्कार 8 अक्टूबर, 2024 को होने वाले 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा।
‘मिथुन दा का सफर पीढ़ियों को प्रेरित करेगा’
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी साझा करते हुए लिखा, “मिथुन दा का उल्लेखनीय सिनेमाई सफर पीढ़ियों को प्रेरित करता है। यह घोषणा करते हुए सम्मान की बात है कि दादा साहब फाल्के चयन जूरी ने भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को सम्मानित करने का फैसला किया है।”
पहली फिल्म के लिए जीता राष्ट्रीय पुरस्कार
अपने 48 साल के करियर में मिथुन ने बंगाली, हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, उड़िया और भोजपुरी भाषाओं में 350 से अधिक फिल्मों में काम किया है और उन्हें तीन बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। 16 जून 1950 को जन्मे मिथुन ने 1976 में मृणाल सेन की फिल्म मृगया से अपने करियर की शुरुआत की, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। वे 1980 और 1990 के दशक में अपनी एक्शन और डांस आधारित फिल्मों के लिए जाने गए।
डिस्को डांसर से देशभर में मिली पहचान
ब्लॉकबस्टर फिल्म डिस्को डांसर (1982) ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई। इसके अलावा, सुरक्षा (1979), वारदात (1981), प्यार झुकता नहीं (1985), अग्निपथ (1990), गुंडा (1998) और हाल ही में आई द ताशकंद फाइल्स (2019) में उनकी भूमिकाओं की खूब तारीफ हुई। उन्हें 1993 की फिल्म तहदर कथा के लिए अपना दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार और 1996 की फिल्म स्वामी विवेकानंद के लिए अपना तीसरा राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। अप्रैल 2024 में उन्हें पद्म भूषण पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। फिल्मों के अलावा वह टेलीविजन शो और राजनीति में भी सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं।