Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमिक्रॉन तीन में मोमोज खाने के बाद 12 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं, जिनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। सभी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया है कि उनकी तबीयत खराब होने की मुख्य वजह फूड पॉइजनिंग है।
एक ही परिवार के 6 सदस्य बीमार
घटना सेक्टर ओमिक्रॉन तीन की है, जहां एक ही परिवार के छह सदस्यों ने एल्डिको सोसायटी की बाजार से मोमोज खरीदे और रात में खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। गंभीर हालत में सभी को तुरंत राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में भर्ती कराया गया।
दो बच्चों की हालत नाजुक, आईसीयू में शिफ्ट
परिवार के चार और छह साल के दो बच्चों की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है। अन्य परिवार के सदस्यों का इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। डॉक्टरों ने फूड पॉइजनिंग को इसकी वजह बताया है और कहा है कि धीरे-धीरे सभी की हालत में सुधार हो रहा है।
अन्य लोग भी हुए बीमार, सैंपल लेने की मांग
मोमोज खाने से बीमार होने वालों की संख्या 12 से अधिक बताई जा रही है। इन सभी ने एल्डिको सोसायटी की बाजार से मोमोज खरीदे थे। सभी बीमार लोग इलाज के लिए जिम्स अस्पताल पहुंचे हैं। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि मोमोज बेचने वाली दुकान से सैंपल लिए जाएं, ताकि खाने की गुणवत्ता की जांच हो सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
ये भी पढ़ें..
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की अपील
बीमार लोगों के परिजनों ने प्रशासन से मोमोज बेचने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि खाने की गुणवत्ता की नियमित जांच होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल, जिला प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

