Greater Noida: ग्रेटर नोएडा की हवेलिया वैलोनोवा पार्क सोसाइटी में स्थापित एक अस्थाई मंदिर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यह मंदिर श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन स्थापित किया गया था, क्योंकि सोसाइटी के आसपास कोई मंदिर नहीं था। स्थानीय निवासी इस अस्थाई मंदिर में प्रतिदिन सुबह और शाम पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। हालांकि, सोसाइटी के कुछ सदस्यों ने मंदिर को हटाने के लिए प्राधिकरण से शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
प्राधिकरण का निर्देश, सोसाइटी प्रबंधन का विरोध
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत के आधार पर प्राधिकरण की टीम ने सोसाइटी प्रबंधन को मंदिर हटाने का निर्देश दिया है। लेकिन सोसाइटी प्रबंधन ने इस मामले को धर्म और आस्था से जुड़ा बताते हुए मंदिर हटाने से इनकार कर दिया है। प्रबंधन का कहना है कि सोसाइटी के अधिकांश निवासी इस अस्थाई मंदिर से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं और इसे हटाना उचित नहीं होगा।
सैकड़ों निवासी आए समर्थन में
शनिवार को इस विवाद ने और गंभीर रूप ले लिया, जब सैकड़ों स्थानीय निवासी पार्क में इकठ्ठा हुए और मंदिर को बनाए रखने के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया। निवासी जीसी तालुकदार ने बताया कि इस मुद्दे पर उन्होंने प्रार्थना पत्र तैयार किया है, जिस पर सोसाइटी के निवासियों के हस्ताक्षर हैं। इस प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और प्राधिकरण को भेजी गई है, जिसमें मंदिर को न हटाने की मांग की गई है।
ये भी पढ़ें..
समुदाय की भावनाओं का सम्मान हो
निवासियों का कहना है कि स्थानीय प्रशासन को इस मामले में ऐसा समाधान निकालना चाहिए जो कानूनी दृष्टि से सही हो, साथ ही समुदाय की धार्मिक भावनाओं का भी सम्मान हो। यह मामला अब स्थानीय प्रशासन के लिए एक चुनौतीपूर्ण स्थिति बन गया है, जहां उन्हें कानूनी प्रक्रिया और स्थानीय निवासियों की भावनाओं के बीच संतुलन बनाना होगा।

