Noida: नोएडा के सेक्टर-107 में एक निर्माणाधीन सोसाइटी “हार्ट-बीट” में एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रीति, निवासी सलारपुर, के रूप में हुई है। प्रीति निर्माण कार्य के दौरान लिफ्ट शाफ्ट के पास काम कर रही थी, तभी अचानक असंतुलित होकर वह शाफ्ट में गिर गई। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने लिया तत्काल एक्शन
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना क्षेत्र की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और प्रीति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब प्रीति काम के दौरान लिफ्ट शाफ्ट में गिर गई। पुलिस ने यह भी बताया कि अगर मृतका के परिजन किसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हैं, तो पूरी घटना की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें..
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में बढ़ा डेंगू का कहर, पिछले 24 घंटों में 27 नए मामले आए सामने
जिले में लगातार हो रही घटनाएं
यह घटना नोएडा में बिल्डरों और ठेकेदारों की लापरवाही से हो रही घटनाओं की श्रृंखला में एक और दुखद उदाहरण है। इससे पहले भी जिले में भूटानी बिल्डर की लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया था। आम तौर पर देखा जा रहा है कि बिल्डरों की लापरवाही से आम लोगों की जान पर बन आ रही है। इस प्रकार की घटनाओं में जिम्मेदार अधिकारियों और बिल्डरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।

