IND vs BAN 2nd Test: भारत और बांग्लादेश के बीच कानपुर टेस्ट मैच का पहला दिन बारिश के कारण रद्द कर दिया गया है। पहले मैच खराब रोशनी के कारण रोका गया और फिर बारिश के कारण पूरे मैदान को ढक दिया गया। जैसे-जैसे समय बीतता गया, बारिश तेज होती गई, जिसके कारण पहले दिन का खेल आधिकारिक रूप से समाप्त घोषित कर दिया गया। पहले दिन केवल 35 ओवर का खेल संभव हो सका, जिसमें बांग्लादेश ने 3 विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए। फिलहाल, मोमिनुल हक 40 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि मुशफिकुर रहीम 6 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
कानपुर टेस्ट में बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही, क्योंकि जाकिर हसन ने 24 गेंदों का सामना किया, लेकिन एक भी रन नहीं बना सके। उन्हें आकाशदीप की गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने कैच किया। कुछ ही देर बाद आकाशदीप ने शादमान इस्लाम को LBW आउट कर दिया, जो 24 रन बनाने में सफल रहे। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने आठवें ओवर में ही स्पिनर को मैदान में उतारा। रविचंद्रन अश्विन ने काफी प्रयास के बाद कप्तान नजमुल शांतो को आउट किया, जिन्होंने 31 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अश्विन ने तोड़ा अनिल कुंबले का रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट में कुल विकेटों के मामले में रविचंद्रन अश्विन अभी भी अनिल कुंबले से काफी पीछे हैं, लेकिन अश्विन अब एशियाई पिचों पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। कानपुर टेस्ट के पहले दिन अश्विन ने बांग्लादेश के कप्तान नजमुल शांतो को आउट कर एशिया में अपना 420वां विकेट लिया। इससे पहले अनिल कुंबले ने एशिया में 419 विकेट लेकर यह रिकॉर्ड बनाया था।
अब अश्विन केवल मुथैया मुरलीधरन से पीछे हैं, जिन्होंने एशिया में 612 विकेट लिए हैं। श्रीलंका के रंगना हेराथ एशिया में 354 विकेट लेकर चौथे स्थान पर हैं।

